दो साल से कमर दर्द की गंभीर समस्या से जूझ रही 59 वर्षीय मां और उनकी 43 वर्षीय बेटी की एक साथ स्पाइन सर्जरी का मामला सामने आया है।
जयपुर। दो साल से कमर दर्द की गंभीर समस्या से जूझ रही 59 वर्षीय मां और उनकी 43 वर्षीय बेटी की एक साथ स्पाइन सर्जरी का मामला सामने आया है। निविक हॉस्पिटल के सीनियर न्यूरोसर्जन डॉ. सोनदेव बंसल ने बताया कि मां और बेटी को साइटिका की समस्या इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि उनका जीवन व्हीलचेयर पर आ गया था। वे बिना सहारे के कुछ दूरी भी पैदल नहीं चल पाती थी। उन्होंने कई जगहों पर परामर्श लिया, जहां उन्हें सर्जरी ही एक मात्र उपाय बताया गया।
स्पाइन सर्जरी को लेकर भ्रांतियां काफी ज्यादा हैं। सर्जरी से पहले दोनों मरीजों का भी पहले यही मानना था कि स्पाइन सर्जरी के बाद कमर के नीचे का हिस्सा काम नहीं करता। ऐसे में हमने उनकी काउंसिलिंग की और दोनों मरीजों ने सर्जरी के लिए रजामंदी दी। फिर सर्जरी के लिए दोनों ने एक ही दिन चुना। दोनों का ऑपरेशन एक ही दिन में किया गया। दोनों मरीजों की स्पाइन फिक्सेशन ओपन सर्जरी की गई।
मां की सर्जरी में चार से पांच घंटे लगे, वहीं बेटी की सर्जरी ढाई घंटे में हो गई। सर्जरी के कुछ घंटों बाद ही दोनों ने बिना सहारे के चलना भी शुरू कर दिया।