दिल्ली के उपमुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का मामला: विरोध प्रदर्शन के दौरान आप का आरोप
जयपुर. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को आम आदमी पार्टी ने देशभर में विरोध-प्रदर्शन किया। इसी क्रम में राजधानी में भी आप प्रभारी विनय मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
नारायण सिंह तिराहे से कार्यकर्ता केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव करने के रवाना हुए। हाथों में मनीष सिसोदिया की तस्वीर लिए कार्यकर्ता स्टेच्यू सर्कल तक पहुंचे। पुलिस ने वहीं कार्यकर्ताओं को बेरिकेड्स लगाकर रोक दिया। पुलिस कार्रवाई से नाराज कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।आप प्रभारी मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने तानाशाही की पराकाष्ठा की है। जिस शिक्षा मंत्री ने सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले गरीब बच्चों को आईआईटी जैसे संस्थानों में भेजने का काम किया। देश को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की बात की। उस शिक्षा मंत्री को भाजपा सरकार ने गिरफ्तार करवा दिया। मिश्रा ने कहा कि अडानी ग्रुप ने देश के गरीबों के करोड़ों रुपए डुबो दिए। उसके खिलाफ एक नोटिस नहीं दिया गया और कोई जांच नहीं कर रही। सिसोदिया छह महीने से लगातार पूछताछ में पूरी मदद कर रहे थे, फिर भी सीबीआई ने उनको गिरफ्तार किया। भाजपा को जगाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है। मोदी सरकार अपनी जेलों की संख्या बढ़ा ले, आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता जेल जाने को तैयार है।
कांग्रेस सरकार अडानी से मिली हुई
मिश्रा ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार भी अडानी से मिली हुई है। इसलिए पार्टी को प्रदर्शन नहीं करने दे रही। यह बड़ी विडंबना है कि दोनों पार्टियों में सांठगांठ चल रही है। पार्टी इनकी सांठगांठ को नहीं चलने देगी।