
अब नहीं बढ़ेंगे प्याज के दाम, किसानों ने खूब लगाया प्याज, रिकॉर्ड स्तर को छू सकता था प्याज का उत्पादन
onion price down: इस साल प्याज की बुवाई ज्यादा हुई है, लेकिन इसकी पैदावार पिछले साल जितनी ही होने की संभावना है, क्योंकि पिछले महीनों में असमय बारिश से प्याज की फसल को नुकसान पहुंचा है। इसके बावजूद पिछले साल जितनी पैदावार होने से देश में प्याज की कमी नहीं होने वाली है। पिछले साल प्याज का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ था। कुल प्याज उत्पादन का 65 फीसदी से अधिक प्याज रबी सीजन में होता है। इस साल प्याज की बुवाई 8 से 10 फीसदी ज्यादा होने की संभावना है। पिछले साल प्याज का रकबा 19.40 लाख हेक्टेयर था। इस साल रकबा बढ़कर 21 लाख हेक्टेयर से ज्यादा होने की संभावना है। भारतीय सब्जी उत्पादक संघ के अध्यक्ष व मुख्य प्याज उत्पादक राज्य महाराष्ट्र के किसान श्रीराम गाढवे कहते हैं कि इस रबी सीजन में किसानों ने खूब प्याज लगाया है। जिससे इस साल प्याज का रकबा ज्यादा है।
प्याज उत्पादन पिछले साल जितना ही
जयपुर सब्जी थोक विक्रेता संघ, मुहाना टर्मिनल के अध्यक्ष राहुल तंवर ने बताया कि रकबा बढ़ने के बावजूद प्याज का उत्पादन पिछले रबी सीजन जितना ही होने का अनुमान है। इसकी वजह बीते महीनों में असमय बारिश से प्याज की फसल को नुकसान हुआ है। गाढ़वे कहते हैं कि अगर बारिश से नुकसान नहीं हुआ होता तो इस सीजन में भी प्याज का उत्पादन बढ़कर रिकॉर्ड स्तर को छू सकता था, लेकिन नुकसान के कारण पिछले साल जितना ही प्याज इस रबी सीजन में पैदा होने का अनुमान है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल देश में रिकॉर्ड 317 लाख टन प्याज का उत्पादन हुआ था।
Published on:
22 Feb 2023, 9:56 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.