भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हनुमानगढ़ की टीम ने सोमवार शाम कस्बे में निनाण हलके के राजस्व पटवारी नेतराम मीणा को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते पकड़ा। पटवारी नेतराम को कस्बे के वार्ड 26 स्थित निवास पर रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। ब्यूरो के एएसपी सहीराम बिश्नोई के नेतृत्व में गिरफ्तारी के बाद उसे स्थानीय पुलिस थाने लाया गया जहां उससे पूछताछ की गई।
ब्यूरो सूत्रों के अनुसार निनाण के पटवारी नेतराम ने गांव डोबीबास निवासी चन्द्रपुरी गोस्वामी से चक नौ बीएचडी की कृषि भूमि का रूपांतरण कराने के बदले 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। ब्यूरो ने इस संबंध में चन्द्रपुरी की शिकायत के बाद उसका सत्यापन कराया व इसके बाद सोमवार को चन्द्रपुरी से रिश्वत लेते हुए नेतराम को रंगे हाथों दबोचा गया।
शिकायतकर्ता चन्द्रपुरी ने बताया कि पटवारी नेतराम की डयूटी पहले चक नौ बीएचडी में थी। इस दौरान पटवारी ने कृषि भूमि का व्यावसायिक में रूपांतरण के लिए कई बार रिश्वत ली थी।
बाद में उसका निनाण पटवार हलके में तबादला हो गया। ब्यूरो सूत्रों के अनुसार वर्तमान में पटवारी नेतराम निनाण हलके में पदस्थापित है जबकि चन्द्रपुरी की रूपांतरण वाली कृषि भूमि भादरा पटवार सर्किल में है। अपना हलका नहीं होने के बावजूद पटवारी किसान चन्द्रपुरी को भूमि का रूपांतरण करवाने का झांसा देता रहा तथा इसके बदले 15 हजार रुपए रिश्वत ली गई। इस पर ब्यूरो ने सोमवार को जाल बिछाकर पटवारी नेतराम को रिश्वत लेते दबोचा।