6 दिसंबर 2025,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

21 साल की दुल्हन से शादी करने आया 15 साल का दूल्हा, घोड़ी से उतार ले गई पुलिस

चाकसू पुलिस ने बताया कि जयसिंह पुरा गांव में दो युवतियों की शादी तय हुई थी। दोनों की बारात फागी से आई थीं। दोनों दुल्हनें बहन थीं और दोनों दूल्हे भी खास सगे भाई थे।

2 min read
Google source verification

image

Rajeev sharma

Apr 29, 2017

बाल विवाह में अक्सर छोटी लड़कियों की कम उम्र में शादी कराने के मामले सामने आते हैं, लेकिन जयपुर में दुल्हन की उम्र 21 साल थी उसके बाद भी उसकी शादी रुक गई। पुलिस आ पहुंची और दूल्हे को तोरण मारने से पहले ही घोड़ी से उतार ले गई।

पुलिस को देखकर बाराती और घराती बिना खाना खाए ही खिसकने लगे। देर रात तक विवाह स्थल पर पुलिस जमी रही। घटना चाकसू थाना क्षेत्र की है। चाकसू में फागी से बारात आई थी लेकिन बारात को बिना दुल्हन ही लौटना पड़ा।

चाकसू पुलिस ने बताया कि जयसिंह पुरा गांव में दो युवतियों की शादी तय हुई थी। दोनों की बारात फागी से आई थीं। दोनों दुल्हनें बहन थीं और दोनों दूल्हे भी खास सगे भाई थे। बारात गांव पहुंची और गांव से विवाह स्थल तक भी आ गई। लेकिन दूल्हों के चेहरे सेहरों से ढंके होने के कारण किसी को अंदाजा भी नहीं हुआ कि एक दूल्हा कम उम्र का है।

जैसे ही दोनों दूल्हे विवाह स्थल पर पहुंचे तो बड़े दूल्हे ने तोरण मार दी और रीति-रिवाजों से उसका स्वागत कर उसे विवाह स्थल में प्रवेश दिलाया गया। लेकिन जैसे ही कम उम्र के दूल्हे ने तोरण मारनी चाही तो पुलिस आ धमकी। पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे।

दुल्हन को भी नहीं बताई दूल्हे की उम्र

एक बार तो बाराती-घराती सभी हक्के-बक्के रह गए। लेकिन उसके बाद पुलिस ने दूल्हे के पिता को पकड़ा और उम्र संबधी दस्तावेज मांगे तो दूल्हे की उम्र महज पंद्रह साल निकली। जब दुल्हन की उम्र पूछी गई तो पता चला कि दुल्हन 21 साल की थी और उसे भी दूल्हे की उम्र नहीं बताई गई थी।

शादी गुपचुप ही कराई जा रही थी। पुलिस और प्रशासनिक अमला जब विवाह स्थल पर पहुंचा और बाल विवाह की जद में आने वाले लोगों के बारे बताने लगा तो एक-एक कर बाराती और घराती बिना भोजन किए ही वहां से खिसक गए।

पंद्रह से बीस मिनट में आधे से ज्यादा मेहमान गायब हो गए। बाद में पुलिस की मौजूदगी में बड़े भाई की दुल्हन को विदा किया गया और छोटे भाई एवं उसके परिजनों को लेकर पुलिस थाने आ गई।

टोंक में रुकवाए गए 11 बाल विवाह

28 अप्रेल को आखातीज पर बाल विवाह रोकने के सरकारी प्रयास रंग लाए हैं। कुछ ही घंटों में प्रदेश भर में अलग-अलग जिलों में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर 25 बाल विवाह रुकवाए हैं। इनमें से तीन जयपुर के हैं।

जयपुर के शिवदासपुरा और चाकसू से तीन बाल विवाह रुकवाए गए हैं। उसके बाद टोंक में 11, सवाई माधोपुर में 3, अलवर में 3, सीकर में एक और करौली में 4 बाल विवाह रुकवाए गए हैं।

ये भी पढ़ें

image