
करणपुर. टोडा-सिमारा के पास पुलिया टूटने से बंद हुए मंडरायल-करणपुर सडक़ मार्ग को राजस्थान पत्रिका में खबर प्रकाशित होने के बाद सोमवार को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया गया। खबर प्रकाशित होने के बाद क्षेत्रीय विधायक हंसराज मीना के निर्देश पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और टूटी पुलिया में पाइप डालकर कट्टे व मिट्टी से रास्ता दुरुस्त कराया। मार्ग खुलने के बाद मंडरायल-करणपुर सडक़ पर आवागमन सुचारू हो गया। इससे मार्ग से जुड़े दर्जनों गांवों के ग्रामीणों और वाहन चालकों को राहत मिली है।
गौरतलब है कि शनिवार शाम क्षेत्र में हुई तेज बारिश के दौरान टोडा-सिमारा गांव के समीप पुलिया टूट गई थी। बारिश के तेज बहाव में पुलिया में लगे पाइप भी बह गए थे। इससे सडक़ के बीचोंबीच गहरी खाई बन गई और मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था।
मार्ग बंद होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा था। इससे उन्हें लंबी दूरी तय करने के साथ समय और ईंधन भी अधिक खर्च करना पड़ रहा था। अब विभाग की ओर से अस्थायी व्यवस्था कर मार्ग बहाल किए जाने से ग्रामीणों को राहत मिली है। हालांकि पुलिया की स्थायी मरम्मत नहीं होने तक तेज बारिश में फिर परेशानी की आशंका बनी हुई है।
-
करणपुर. अस्थायी रूप से दुरुस्त की गई पुलिया।
Updated on:
19 Aug 2026 06:01 am
Published on:
19 Aug 2026 06:01 am
