
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
श्चड्डह्लह्म्द्बद्मड्ड.ष्शद्व
निवाई. शहर के श्याम मंदिर में रविवार रात आयोजित श्याम घर आयो संकीर्तन में भक्ति का ऐसा रंग जमा कि पूरा मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने संकीर्तन में भाग लिया और देर रात तक भजनों पर झूमते हुए बाबा श्याम की आराधना की। बाबा के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
संकीर्तन का शुभारंभ बाबा श्याम की अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया गया। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा का अभिषेक किया और केसर का लेपन किया। इसके बाद आकर्षक पुष्पों से बाबा का आकर्षक श्रृंगार कर विशेष झांकी सजाई गई। फूलों से सजे बाबा श्याम का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भजन गायकों ने गणेश वंदना के साथ संकीर्तन का आगाज किया। इसके बाद श्याम भजनों की प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। गायक महेश दरगड़ ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। भजनों के दौरान श्रद्धालु तालियों की थाप पर झूमते नजर आए। मंदिर परिसर में बार-बार बाबा श्याम के जयकारे गूंजते रहे। संकीर्तन के दौरान गायक महेश दरगड ने श्याम धणी के दरबार में, खुशियों के दीप जलेंगे, बाबा तेरी कृपा से, सूने आंगन खिलेंगे.., हारे का सहारा तू, श्याम नाम प्यारा है, तेरे दर पर जो आया, उसका तू सहारा है.., खाटू वाले श्याम मेरी, नैया पार लगाना,भटके मन को राह दिखाकर चरणों में बुलाना.., तेरी चौखट पर बाबा, हर दु:ख दूर हो जाए, तेरा नाम जो प्रेम से ले, मन में शांति पाए, शीश के दानी श्याम प्रभु, रखना अपनी छाया, तेरी भक्ति में रंग जाए, जीवन का हर साया..,आदि भजनों पर प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति नृत्य करने के लिए विवश कर दिया।संकीर्तन के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया। बाबा के दरबार में भजनों की स्वर लहरियां और श्रद्धालुओं के जयकारे देर रात तक गूंजते रहे। महिलाएं और पुरुष भक्ति में लीन होकर भजनों पर नृत्य करते नजर आए। आयोजन के समापन पर बाबा श्याम की 51 दीपकों से आरती कर प्रसाद वितरित की गई।
Updated on:
25 Aug 2026 06:00 am
Published on:
25 Aug 2026 06:00 am
