20 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो को अगले माह मिलेगी 20 नई बसें

कांठलवासियों के लिए खुशखबर है। जिलेवासियों का लम्बे समय से रोडवेज की नई बसों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है।

2 min read
Google source verification

image

Abhishek Pareek

Feb 19, 2016

कांठलवासियों के लिए खुशखबर है। जिलेवासियों का लम्बे समय से रोडवेज की नई बसों का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो को जल्द ही 20 नई बसें मिलेंगी। इसके बाद बसों का बेड़ा 17 से बढ़कर 37 का हो जाएगा और लम्बे समय से डिपो में कम बसें होने से सफर में परेशानी झेल रहे यात्रियों को राहत मिलेगी।

एक मार्च से आएगी बसें
रोडवेज डिपो अधिकारियों के अनुसार उच्चाधिकारियों ने एक मार्च से नई बसें भेजने की बात कही है। मार्च माह में सभी बसें प्रतापगढ़ पहुंच जाएंगी। बसों के आने के साथ ही विभिन्न रूटों पर इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

चालक-परिचालक भी मिलेंगे
नई रोडवेज बसों के साथ ही चालक-परिचालक भी मिलेंगे। 20 बसों के साथ कम से 20 चालक और 20 परिचालक तो मिलेंगे ही। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार अतिरिक्त चालक-परिचालक मिलने की भी उम्मीद है।

अब तक यह समस्या
प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो शुरुआत से ही बसों की कमी से जूझ रहा है। डिपो की शुरुआत महज 8 बसों से हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे और बसें आई लेकिन 17 बसें आने के बाद नई बसें आना बंद हो गया। डिपो की महज 17 बसें यहां के यात्रीभार को देखते हुए नाकाफी साबित हो रही है। प्रतापगढ़ में रेल मार्ग नहीं होने से बस परिवहन ही सफर का एकमात्र माध्यम है लेकिन बसों की कम संख्या से यह माध्यम भी लोगों को पूरी सुविधा नहीं दे पा रहा और लम्बे समय से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कहीं आना-जाना मुसीबत का सबब बना हुआ है। लम्बी दूरी की बसें नहीं होने से यात्रियों को लम्बा सफर भी टुकड़ों में करना पड़ता है।

ये कारण रहे बाधक
प्रतापगढ़ में रोडवेज डिपो और बस स्टैंड भवन नहीं होने से करीब 3 वर्ष से डिपो का संचालन पहले चित्तौडग़ढ़ और बाद में बांसवाड़ा डिपो से हो रहा था। ऐसे में मुख्यालय की ओर से बसों की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही थी। गत वर्ष प्रतापगढ़ से डिपो का संचालन शुरू होने पर डिपो को नई बस मिलने की उम्मीद थी लेकिन डिपो शुरू होने के लम्बे समय बाद भी बसें नहीं आई। रोडवेज प्रशासन ने वर्कशॉप शुरू होने के बाद प्रतापगढ़ डिपो को नई बसें देने का आश्वासन दिया था। वर्कशॉप शुरू हुए भी करीब तीन माह हो गए लेकिन एक भी नई बस नहीं आई।

पत्रिका ने उठाया था मुद्दा
प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो में लम्बे समय से बसों की समस्या के चलते यात्रियों की परेशानी को गम्भीरता से लेते हुए राजस्थान पत्रिका ने 6 फरवरी के अंक में 'कब तक करना पड़ेगा इंतजार' शीर्षक से समस्या को उजागर करते हुए समाचार प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से इस संबंध में तकाजा किया। नतीजतन उच्चाधिकारियों ने 20 नई बसें देने की कवायद तेज की।

मिलेगी राहत
रोडवेज उच्चाधिकारियों ने प्रतापगढ़ रोडवेज डिपो को 20 नई बसें देने की बात कही है। उम्मीद है अगले माह डिपो को सभी बसें मिल जाएंगी और यात्रियों को राहत मिलेगी।
मदन सिंह, मुख्य प्रबंधक, रोडवेज डिपो, प्रतापगढ़।