कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा अभी राजस्थान में है।
जयपुर। कांग्रेस पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा अभी राजस्थान में है। रविवार को यात्रा का 95वां दिन था। राहुल गांधी ने आज शिमला से लौटने के बाद अपनी बहन प्रियंका गांधी और राबर्ट वाड्रा के साथ यात्रा की। प्रियंका गांधी सोमवार को भी यात्रा में हिस्सा लेगी। वहीं सोनिया गांधी भी रविवार को नई दिल्ली लौट गई। यात्रा के दौरान सवेरे के सत्र में बूंदी ज़िले के बालदेवपुरा गांव से लबान गांव के सीएडी कैंपस तक राहुल ने पद यात्रा की। पदयात्रा के दौरान पहले हाड़ौती किसान यूनियन, राजस्थान के प्रतिनिधि और उसके बाद सूचना एवं रोजगार अधिकार अभियान तथा मजदूर किसान शक्ति संगठन (MKSS) के प्रतिनिधि राहुल गांधी के साथ चले।
राहुल गांधी से मिले विमुक्त, घुमंतु, एवं अर्द्ध-घुमंतू समुदाय के लोग:
हाड़ौती किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने मुख्यत: केशवरायपाटन में बंद पड़े चीनी मिल एवं नहरों में पानी से जुड़ा मुद्दा उठाया। उनकी मांग थी कि जिस तरह से खरीफ फसलों के लिए नहर में पानी आता है उसी तरह रबी की फसलों के लिए भी पानी मिले। सूचना एवं रोजगार अधिकार अभियान तथा मजदूर किसान शक्ति संगठन के प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी से विमुक्त, घुमंतु, एवं अर्द्ध-घुमंतू समुदाय से जुड़े मुद्दों पर बात की। उन्होंने सबसे बड़ी समस्या पहचान को लेकर बताई। इनके पास आधार कार्ड या कोई दूसरा पहचान पत्र नहीं होता, क्योंकि इनका कोई स्थाई पता नहीं है। ये एक जगह से दूसरी जगह घूमते रहते हैं। पहचान पत्र न मिलने के कारण इन्हें किसी भी तरह की सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता। साथ ही ये चाहते थे कि सरकार इनकी पारंपरिक कलाओं को भी प्रमोट करे। राहुल गांधी ने चलते हुए गंभीरता से उनकी समस्याएं सुनी और साथ चल रहे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से कहा कि मुख्यमंत्री से बात करके इनकी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करें। सुबह के सत्र में 13 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद हिमाचल के लिए रवाना हुए और वहां कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे के साथ नई कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए।