
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर। विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारी में जुटी कांग्रेस पार्टी ने भी जुलाई के पहले पखवाड़े में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को बुलाने को लेकर बड़े स्तर पर बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि 7 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जयपुर आ रहे हैं। इसके आसपास ही कांग्रेस गांधी को जयपुर बुलाने को लेकर विचार कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से राज्य भर में विधानसभावार मेरा बूथ-मेरा गौरव कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। राजधानी जयपुर के शहरी क्षेत्र की विधानसभाओं में यह कार्यक्रम जुलाई के पहले सप्ताह में ही प्रस्तावित हैं। ऐसे में शहर कांग्रेस ने सभी विधानसभाओं को शामिल कर एक बड़ा कार्यक्रम करने को लेकर प्रदेश नेतृत्व से इजाजत मांगी है। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में 35 से 40 हजार शहर के कांग्रेस जुटेंगे। यह कार्यक्रम न्यू गेट स्थित रामलीला मैदान में होगा।
प्रदेश प्रवक्ता व जिलाध्यक्ष प्रतापसिंह खाचरियावास का कहना है कि कार्यक्रम को लेकर अभी स्वीकृति नहीं मिली है। लेकिन शहर कांग्रेस की ओर से जयपुर में बड़े आयोजन को लेकर विचार किया जा रहा है। अभी प्रदेश नेतृत्व से इस मामले में चर्चा चल रही है। हरी झण्डी मिलने के साथ ही कार्यक्रम की तैयारी तेज हो जाएंगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष गांधी को भी आमंत्रित किया जाएगा।
बुलाई ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक...
बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी और जयपुर में भाजपा के खिलाफ आंदोलन चलाने को लेकर जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह खाचरियावास ने शुक्रवार को ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक ली। इसमें कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के लोगों को लाने के साथ ही मतदाता सूची की बूथ स्तर पर तैयारी को लेकर चर्चा हुई। सभी को स्पष्ट कहा गया है कि जयपुर में बड़े कार्यक्रम का आगाज हुआ तो अपने-अपने क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों का लाना है।
Published on:
15 Jun 2018, 5:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.