
जयपुर।
प्रदेश में चुनाव तारीख नज़दीक आने के साथ ही दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों कांग्रेस और भाजपा में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया ज़ोर पकड़े हुए है। इसी क्रम में आज एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 'महा-मंथन' बैठकों का दौर चलेगा। कांग्रेस की 'बहुप्रतीक्षित' पहली सूची के लिए जहां स्क्रीनिंग कमिटी जुटेगी, तो वहीं भाजपा प्रत्याशियों की दूसरी सूची को फाइनल करने के लिए कोर कमिटी की भी महत्वपूर्ण बैठक है।
गौरतलब है कि कल सोमवार को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, दोनों एक ही दिन प्रदेश में अलग-अलग दौरे पर रहे। खरगे ने जहां बारां से कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद किया, वहीं नड्डा ने उदयपुर और जोधपुर में संभाग स्तरीय सम्मेलनोँ में जान फूंकने पर ज़ोर लगाया।
कांग्रेस : पहली सूची होगी फाइनल
कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची को लेकर बेसब्री से इंतज़ार हो रहा है। सांसद गौरव गोगोई की अध्यक्षता में जयपुर से लेकर दिल्ली तक में कई दौर की मंथन बैठकें हो चुकी हैं। ऐसे में आज राजस्थान को लेकर बुलाई गई कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक बेहद महत्वपूर्ण है। माना जा रहा है कि कल कांग्रेस अध्यक्ष खरगे की मौजूदगी में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) पहली सूची के नामों पर अंतिम मुहर लगाकर उसे किसी भी वक्त जारी कर दिया जाएगा। कांग्रेस की पहली सूची में करीब 100 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा संभव है।
भाजपा : दूसरी सूची पर लगेगी मुहर
प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद मचे बवाल के बाद भाजपा अब दूसरी सूची को लेकर काफी एहतियात बरत रही है। शायद यही कारण है कि पहली और दूसरी सूची के बीच घोषणा होने में सप्ताह भर से भी ज़्यादा का समय गुज़र गया है। ऐसे में आज राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में बुलाई गई प्रदेश कोर कमिटी की बैठक में दूसरी सूची के नामों पर एक राय बनाकर उसपर अंतिम मुहर लगाने की कवायद होगी। इसके बाद भाजपा भी किसी भी वक्त अपनी दूसरी सूची जारी कर सकती है।
ये सीनियर नेता होंगे शामिल
राजस्थान भाजपा कोर ग्रुप की आज नई दिल्ली की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के सामने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल, कैलाश चौधरी, चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया मौजूदा रहेंगे। इस बैठक में दूसरी लिस्ट को फाइनल करने के साथ ही चुनाव प्रचार और चुनाव प्रबंधन पर भी चर्चा हो सकती है।
इधर सांसद गौरव गोगोई की अध्यक्षता में बुलाई गई कांग्रेस स्क्रीनिंग कमिटी बैठक में सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, तीनों सह प्रभारियों के अलावा अन्य सदस्य शामिल होंगे।
Published on:
17 Oct 2023 02:23 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
