
Rajasthan Assembly Bypolls : राजस्थान में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी इस बार पहले से तैयारियों में जुटी है। विधानसभा उपचुनाव के लिए पूरे दमखम के साथ मैदान में उतरने की तैयारी है। बता दें कि इससे पहले लोकसभा चुनाव में राजस्थान में महज 14 सीटों पर जीत के बाद नई रणनीति की खोज में पार्टी जुटी है।
राजस्थान के 5 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव होने हैं। देवली-उनियारा, दौसा, खींवसर, चौरासी और झुंझुनूं में बीजेपी अपने उम्मीदवारों के चयन को लेकर विचार कर रही है। इसके लिए किसे मैदान में उतारा जाए, यह फैसला करने से पहले वह इन क्षेत्रों के लोगों से फीडबैक लेने में जुटी है।
बीजेपी लोकसभा चुनाव से सबक लेकर शायद कुछ नया कदम उठा सकती है। कयास लगाए जा रहे है कि बीजेपी सिर्फ पुराने चेहरों को तवज्जो देगी। इतना तो तय है कि जातिगत समीकरण के आधार पर ही उम्मीदवारों का चयन होगा। खासकर देवली-उनियारा, खींवसर विधानसभा क्षेत्रों में पुराने ही प्रत्याशी को मैदान में उतारा जा सकता है।
30 जून रविवार को हुई पार्टी की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई कि किसे कहां से मैदान में उतारा जाए। सूत्रों की माने तो अब पार्टी उम्मीदवारों के चयन को लेकर तेजी दिखा रही है और शायद जल्द ही इसपर मुहर लगना तय है। कुल मिलाकर यदि पार्टी जातिगत समीकरण को साधने में सफल हो जाती है तो चुनाव में जीत की आस बढ़ जाएगी।
1 जुलाई को इन पांचों विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की घोषणा की गई। 22 लोगों को इस पद की जिम्मेदारी दी गई। चौंकाने वाली बात है कि इनमें एक भी महिला नहीं हैं। देवली-उनियारा, दौसा और झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र में चार-चार व खींवसर और चौरासी के लिए पांच-पांच प्रभारी बनाए गए हैं। बड़े नेता के रूप में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, किरोड़ी लाल मीणा, डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवां, मंत्री सुरेश रावत, मंत्री कन्हैया लाल, मंत्री सुमित गोदारा, हीरालाल नागर को प्रभारी की लिस्ट में रखा गया है।
दौसा- दौसा सीट की जिम्मेदारी डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवां, मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रभुलाल सैनी को प्रभारी पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चौरासी - चौरासी सीट के लिए मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक श्रीचंद कृपलानी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, प्रदेश मंत्री मिथलेश गौतम और महेश शर्मा को प्रभारी पद की जिम्मेदारी दी गई है।
देवली-उनियारा- देवली-उनियारा विधानसभा सीट पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, मंत्री हीरालाल नागर, विधायक जितेन्द्र गोठवाल, प्रदेश महामंत्री ओमप्रकाश भड़ाना को प्रभारी बनाया गया।
झुंझुनूं- झुंझुनूं के लिए मंत्री अविनाश गहलोत, मंत्री सुमित गोदारा, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, विधायक गोवर्धन वर्मा को प्रभारी बनाया गया है।
खींवसर - वहीं खींवसर के लिए मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, मंत्री सुरेश रावत, विधायक बाबू सिंह राठौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष नारायण पंचारिया और प्रदेश प्रवक्ता अशोक सैनी को प्रभारी बनाया गया है।
Updated on:
3 Jul 2024, 4:14 PM IST
Published on:
3 Jul 2024, 3:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.