जयपुर

Rajasthan Education News: जीएनएम, आरएएस, पीटीईटी व डीएलएड परीक्षा और महात्मा गांधी स्कूल में प्रवेश को लेकर हुए निर्णय

Rajasthan Student News: राजस्थान के शिक्षा क्षेत्र में मंगलवार का दिन कई बड़े फैसलों और घटनाओं से भरपूर रहा। जहां एक ओर तकनीकी कारणों से जीएनएम तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा को स्थगित करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर आरएएस मुख्य परीक्षा-2024 की शुरुआत हाईकोर्ट की स्पष्ट टिप्पणी के बाद शांतिपूर्ण ढंग से हो गई।

3 min read
Jun 18, 2025
परीक्षा केन्द्र पर परीक्षा देने जाते हुए। फोटो पत्रिका

RAS Main Exam 2024: जयपुर। राजस्थान के शिक्षा क्षेत्र में मंगलवार का दिन कई बड़े फैसलों और घटनाओं से भरपूर रहा। जहां एक ओर तकनीकी कारणों से जीएनएम तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा को स्थगित करना पड़ा, वहीं दूसरी ओर आरएएस मुख्य परीक्षा-2024 की शुरुआत हाईकोर्ट की स्पष्ट टिप्पणी के बाद शांतिपूर्ण ढंग से हो गई। इसी के साथ प्री-डीएलएड काउंसलिंग प्रक्रिया आरंभ हुई है और पीटीईटी के अभ्यर्थियों को त्रुटि सुधार का सुनहरा अवसर मिला है।

जी.एन.एम तृतीय वर्ष मुख्य परीक्षा स्थगित

जयपुर। राजस्थान नर्सिंग कौंसिल, जयपुर द्वारा 18 एवं 19 जून को आयोजित होने वाली जी.एन.एम तृतीय वर्ष मुख्य परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से स्थगित कर दिया गया है ।

राजस्थान नर्सिंग काउंसिल की रजिस्ट्रार जोईस कुरियन ने बताया कि जून माह में ऑनलाइन मोड में होने वाली जी.एन.एम तृतीय वर्ष की मुख्य परीक्षा को तकनीकी खराबी होने के कारण अग्रिम आदेशों तक स्थगित किया गया है। जल्द ही परीक्षा की नई तिथि घोषित की जाएगी।

RAS EXAM: परीक्षा शुरू हो रही है, अब दखल नहीं

जयपुर। हाईकोर्ट ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) भर्ती-2024 की मुख्य परीक्षा पर तत्काल सुनवाई करने से मंगलवार को फिर इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा, परीक्षा शुरू हो रही है, अब दखल नहीं कर सकते। याचिकाकर्ता आकाश मिश्रा व अन्य की ओर से मंगलवार को अवकाशकालीन न्यायाधीश मनीष शर्मा से सुनवाई का आग्रह किया। कोर्ट ने कहा कि परीक्षा शुरू हो रही है। अब सुनवाई नहीं हो सकती।

PTET: त्रुटि सुधार: 23 तक खुला रहेगा पोर्टल

जयपुर। पीटीईटी-2025 के तहत संचालित 2 वर्षीय बीएड तथा 4 वर्षीय बीए-बीएड/बीएससी बीएड पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को एक बार फिर त्रुटि सुधार का अवसर दिया जा रहा है। परीक्षा संयोजक डॉ. आलोक चौहान ने बताया कि आवेदनों के आधार पर आवेदन पोर्टल को 23 जून तक संशोधन के लिए खोला है। इसमें आवेदक का नाम, माता-पिता का नाम, फोटो व हस्ताक्षर में परिवर्तन व सुधार अनुमत नहीं होगा। इसके अतिरिक्त अन्य सभी त्रुटि सुधार आवेदन अपने स्तर पर कर सकेंगे।

प्री-डीएलएड 2025 काउंसलिंग के लिए आवेदन शुरू

जयपुर। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित प्री-डीएलएड का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। समन्वयक डॉ. रवि गुप्ता ने बताया कि परीक्षार्थी 3000 रुपए पंजीयन शुल्क जमा कर काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं। परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर उपलब्ध काउंसलिंग लिंक से पंजीयन कर सकते हैं। च्वॉइस फिलिंग की अंतिम तिथि 23 जून है।

महात्मा गांधी विद्यालयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन लॉटरी संपन्न

जयपुर। प्रदेश के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक प्रवेश के लिए इस वर्ष भी पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली से चयन किया गया। इस प्रक्रिया का शुभारंभ शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने बटन दबाकर किया। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस वर्ष 3737 विद्यालयों ने लॉटरी प्रक्रिया में भाग लिया, जिसमें 50,657 आवेदनकर्ताओं द्वारा 78,205 विद्यालय चॉइस भरी गई। लॉटरी के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को 25 जून तक अपनी ऑनलाइन रिपोर्टिंग पूरी करनी होगी। रिपोर्टिंग केवल एक ही चयनित विद्यालय में मान्य होगी।

आरएएस मुख्य परीक्षा-2024- पहले दिन 83 प्रतिशत से अधिक रही उपस्थिति

जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आरएएस मुख्य परीक्षा-2024 के अन्तर्गत मंगलवार को प्रातः 9 से 12 बजे तक प्रश्न पत्र सामान्य ज्ञान-प्रथम तथा दोपहर 2.30 से 5.30 बजे तक प्रश्न पत्र सामान्य ज्ञान- द्वितीय की परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए कुल 21 हजार 541 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इनमें से 9128 अभ्यर्थियों की परीक्षा का आयोजन अजमेर स्थित परीक्षा केंद्रों पर तथा 12,413 अभ्यर्थियों की परीक्षा का आयोजन जयपुर स्थित परीक्षा केंद्रों किया गया। परीक्षा दौरान अभ्यर्थियों की कुल औसत उपस्थिति 83 प्रतिशत से अधिक रही।

बुधवार को प्रातः 9 से 12 बजे तक प्रश्न पत्र सामान्य ज्ञान-तृतीय तथा दोपहर 2.30 से 5.30 बजे तक प्रश्न पत्र सामान्य ज्ञान -चतुर्थ की परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।

Updated on:
18 Jun 2025 10:54 am
Published on:
18 Jun 2025 10:37 am
Also Read
View All

अगली खबर