Gurmeet Singh Kunnar Passed Away: राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान से पहले ही श्रीगंगानगर के करणपुर से विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया। गुरमीत सिंह कुन्नर का दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा था।
गुरमीत सिंह कुन्नर ने बुधवार सुबह अंतिम सांस ली। इससे पहले मंगलवार को भी 75 वर्षीय गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की खबरें सामने आई थी। हालांकि बाद में उनके बेटे रुपिंद्रसिंह कुन्नर उर्फ रूबी कुन्नर ने अपने पिता के निधन की खबरों को अफवाह बताते हुए खारिज किया था। गुरमीत सिंह कुन्नर श्रीकरणपुर से तीन बार विधायक रहे। कुन्नर ने राजनीति की शुरुआत सरपंच से की थी।
गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर सीएम अशोक गहलोत ने शोक जताया है। गहलोत ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। कुन्नर लंबे समय तक अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के बाद एक बार फिर अब राजस्थान में 200 की जगह 199 सीटों पर विधानसभा चुनाव करवाए जाएंगे, वैसे इस पर आखिरी फैसला चुनाव आयोग लेगा।
गुरमीत कुन्नर के निधन के बाद अब करणपुर विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को मतदान नहीं होगा। इस सीट पर अब चुनाव आयोग बाद में चुनाव करवाएगा। राजस्थान में लगातार यह तीसरा विधानसभा चुनाव है जब प्रदेश की सभी 200 सीटों पर एक साथ मतदान नहीं होगा।
इससे पहले 2013 में चूरू से बसपा उम्मीदवार जगदीश मेघवाल का निधन होने के कारण और 2018 में रामगढ़ से बसपा उम्मीदवार लक्ष्मण सिंह का निधन होने के कारण राजस्थान में 199 सीटों पर ही चुनाव हुए थे।
यह भी पढ़ें : राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस प्रत्याशी का निधन, पार्टी में दौड़ी शोक की लहर