12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News : 2.80 लाख लीटर शराब नष्ट, 1044 FIR और 380 अरेस्ट, आबकारी विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई 

राजस्थान में अवैध शराब माफिया पर आबकारी विभाग का कहर। 2.80 लाख लीटर वाॅश नष्ट, 1044 मुकदमे दर्ज और 380 गिरफ्तार। जानें आपके जिले में क्या हुई कार्रवाई।

3 min read
Google source verification
Wash Destroyed

Wash Destroyed

राजस्थान में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग ने अब तक का सबसे बड़ा मोर्चा खोल दिया है। पूरे प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान चलाकर विभाग ने माफियाओं की नींद उड़ा दी है। 1 मई से 11 मई 2026 के बीच चली इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि प्रदेश की सीमाओं के भीतर अवैध शराब का 'काला कारोबार' पर अब नकेल कसने लगी है।

11 दिन, 1044 मुकदमे, भारी बरामदगी

आबकारी विभाग की टीमों ने प्रदेश के कोने-कोने में दबिश दी है। इस अभियान के तहत अब तक की उपलब्धियां चौंकाने वाली हैं।

  • गिरफ्तारियां: अवैध धंधे में लिप्त 380 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
  • मुकदमे: कुल 1044 अभियोग दर्ज किए गए हैं।
  • वाहन जब्त: तस्करी में इस्तेमाल होने वाले 8 बड़े वाहन, 2 हल्के चार पहिया और 32 दुपहिया सहित कुल 42 वाहन पुलिस और आबकारी की गिरफ्त में हैं।
  • वाॅश का खात्मा: करीब 2,80,533 लीटर वाॅश (कच्ची शराब का कच्चा माल) मौके पर नष्ट किया गया है।

हनुमानगढ़ और श्रीकरणपुर: बॉर्डर पर सख्त पहरा

उत्तर राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में नोहर, संगरिया और मुख्य मुख्यालय पर आबकारी निरोधक दल ने बड़ी कार्रवाई की। यहाँ 5100 लीटर वाॅश और 7 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं। वहीं, श्रीकरणपुर के साबू की मोर गांव में दबिश देकर 150 लीटर वाॅश नष्ट किया गया और एक तस्कर को रंगे हाथों दबोचा गया।

नदी किनारे और पहाड़ियों में चल रहा था खेल

सबसे हैरान करने वाली कार्रवाई बारां और सिरोही जिलों में हुई।

बारां (छबड़ा): लक्ष्मीपुरा गांव में दबिश के दौरान ड्रमों में भरा 11,000 लीटर वाॅश मिला। यहाँ टीम ने 23 भट्टियां नष्ट कीं और 80 लीटर हथकड़ शराब जब्त की।

सिरोही (आबूरोड): वासडा गांव में नदी किनारे तस्करों ने सिंटेक्स की 12 टंकियों में 6000 लीटर उत्तेजित वाॅश छिपा रखा था। आबकारी विभाग की पैनी नजर से ये टंकियां भी नहीं बच सकीं और उन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

    हाईवे पर नाकाबंदी, फरार आरोपियों की धरपकड़

    हाईवे तस्करी को रोकने के लिए चित्तौड़गढ़-नीमच और चित्तौड़गढ़-कोटा हाईवे पर ईपीएफ (EPF) टीमों ने सघन जांच अभियान चलाया। उधर, जोधपुर में फलौदी, लूनी और शहर के विभिन्न इलाकों में कार्रवाई करते हुए 9 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है।

    संवेदनशील इलाकों में भारी रेड

    पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले के आदर्श नगर और पचगांव जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में 5000 लीटर वाॅश नष्ट किया गया। वहीं दौसा के महुआ और लालसोट में 6300 लीटर वाॅश सहित 9 भट्टियां तोड़ी गईं। विभाग का यह एक्शन मोड बताता है कि अब कोई भी इलाका 'सेफ जोन' नहीं रहा है।

    जब्त की गई शराब की कीमत और मात्रा

    इस 11 दिवसीय अभियान के दौरान करोड़ों की शराब जब्त की गई है:

    • देशी मदिरा: 4150 लीटर (लागत करीब 11.14 लाख रुपए)।
    • विदेशी मदिरा (IMFL): 943 लीटर (लागत करीब 9.40 लाख रुपए)।
    • बीयर: 1476 लीटर (लागत करीब 3.31 लाख रुपए)।
    • हथकड़ शराब: 7021 लीटर।

    जीरो टोलरेंस का कड़ा संदेश

    आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अन्य राज्यों से होने वाली शराब तस्करी और स्थानीय स्तर पर हथकड़ शराब बनाने वालों के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति जारी रहेगी। सभी अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारी और निरीक्षकों को चौबीसों घंटे अलर्ट पर रहने और सघन गश्त करने के आदेश दिए गए हैं।