
जयपुर/ अजमेर।
राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बेरोज़गार युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर भर्तियां निकाले जाने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में सरकार स्कूलों में शिक्षकों की भर्तियां करने जा रही है।अगले साल के फरवरी माह में राजस्थान शिक्षक पात्रता परीक्षा (रीट) के आयोजन को लेकर मुहर लग गई है। राज्य सरकार ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को परीक्षा आयोजन के लिए अधिूसचना जारी करने सहित परीक्षा केन्द्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शासन सचिवालय में मंगलवार को हुई बैठक में शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा सरकारी और निजी दोनों विद्यालयों के लिए अनिवार्य है। लिहाजा यह जरूरी है कि रीट का आयोजन नियमित रूप से किया जाए।
देवनानी ने बताया कि रीट फरवरी 2018 में आयोजित की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष बीएल चौधरी ने बताया कि रीट आयोजन के लिए बोर्ड की ओर से समयबद्ध प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
चार फरवरी को संभावित
रीट अगले साल चार फरवरी को होने की संभावना है। हालांकि बोर्ड अधिकारियों ने फिलहाल परीक्षा तिथि का खुलासा नहीं किया है। 8 मार्च से शिक्षा बोर्ड की मुख्य परीक्षाएं प्रारंभ हो जाएगी लिहाजा शिक्षा बोर्ड चार फरवरी की तिथि सबसे अधिक उपयुक्त मानकर चल रहा है।
दिसम्बर में परीक्षा होने की जताई जा रही थी आशंका
सूत्रों के अनुसार बोर्ड ने रीट परीक्षा इसी साल दिसंबर में लेने की तैयारियां कर ली थी। लेकिन राज्य सरकार की ओर से स्पष्ट निर्देश नहीं मिलने की वजह से तैयारियां धरी रह गई। अब सरकार ने नए सिरे से रीट की प्रक्रिया शुरु करने का निर्णय किया है। अधिसूचना जारी होने तक प्रदेश में कितने पद पर नियुक्तियां होगी इस पर भी अंतिम निर्णय कर लिया जाएगा।
पिछले साल 7 फरवरी को हुई थी रीट
भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद अध्यापक पात्रता के लिए आरटेट को समाप्त कर उसकी रीट कराने की घोषणा की थी। इसके तहत 15 हजार पद के लिए 2015 में रीट की अधिसूचना जारी की गई थी। इसकी परीक्षाएं सात फरवरी 2016 में ली गई थी।
बोर्ड ने बारहवी और दसवीं की मुख्य परीक्षाएं नजदीक होने के बावजूद कड़ी मशक्कत कर परीक्षाएं आयोजित करने में सफलता प्राप्त कर ली थी। कमोबेश यही हालात अगले साल भी नजर आएंगे। बोर्ड की मुख्य परीक्षा 8 मार्च से प्रारंभ होनी हैं, एेसे में उससे पूर्व रीट जैसी बड़ी परीक्षा आयोजित करना बोर्ड के सामने कड़ी चुनौती होगी।
Published on:
21 Sept 2017 08:47 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
