केन्द्र सरकार ने पिछले आठ साल से अफीम के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी नहीं की। हर साल नए नियम और शर्तों की पेचीदगी के चलते पिछले 22 साल में अफीम किसानों की संख्या घटकर लगभग आधी रह गई।
केन्द्र सरकार ने पिछले आठ साल से अफीम के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी नहीं की। हर साल नए नियम और शर्तों की पेचीदगी के चलते पिछले 22 साल में अफीम किसानों की संख्या घटकर लगभग आधी रह गई। पिछले साल केन्द्र सरकार ने कुछ किसानों से सीपीएस पद्धति से अफीम की खेती करवाई थी। इन किसानों से बिना अफीम निकले डोडा नारकोटिक्स विभाग ने 200 रुपए किलो के भाव से खरीदे थे। नारकोटिक्स विभाग ने इस साल परम्परागत पद्धति से खेती करने वाले पात्र किसानों की सूची जारी कर दी है।
50 से 100 रुपए तक बढ़ी थी दर
केन्द्र सरकार प्रति हैक्टेयर औसत उपज के हिसाब से अफीम की कीमत किसानों को देती है। यह राशि 870 से लेकर 3000 रुपए किलोग्राम तक होती है, लेकिन ज्यादातर किसानों को उपज के आधार पर 1800 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से ही कीमत मिल पाती है। पहले न्यूनतम दर 825 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जिसे वर्ष 2014-15 में बढ़ाकर 870 रुपए कर दिया गया। अन्य श्रेणियों में भी 50 से 100 रुपए प्रति किलोग्राम तक की वृद्धि की गई।
कम कीमत की वजह से तस्कर सक्रिय
पहले राज्य सरकार किसानों से डोडा चूरा खरीदती थी, लेकिन 2015 से खरीद बंद हो गई। किसानों को यह डोडा चूरा नष्ट करना पड़ता है। ऐसे में बाजार में अफीम और डोडा चूरा की तस्करी बढ़ रही है। चोरी छिपे अफीम खरीदने वाले तस्कर गुणवत्ता के हिसाब से 80 हजार रुपए से एक लाख रुपए तक कीमत देते हैं, जबकि डोडा चूरा बाजार में 1500 से 2000 रुपए प्रति किलो बिकता है।
लागत ज्यादा, नुकसान पर मुआवजा नहीं
किसानों का कहना है कि अफीम की खेती महंगी पड़ रही है। दस आरी में अफीम की फसल का खर्चा करीब साठ हजार रुपए बैठता है, जबकि सरकार से अफीम के भुगतान 14 से 15 हजार रुपए मिलता है। डोडे से निकलने वाले पोस्तदाना से ही लागत वसूल हो पाती है। चूंकि इस फसल का बीमा नहीं होता, इसलिए प्राकृतिक आपदा में किसान को खासा नुकसान उठाना पड़ता है।
अफीम खरीद की दर
प्रति है.औसत उपज कीमत किलो
44 किलोग्राम तक 870
44 से 52 किलोग्राम तक 1000
52 से 56 किलोग्राम तक 1275
56 से 60 किलोग्राम तक 1390
60 से 65 किलोग्राम तक 1740
65 से 70 किलोग्राम तक 1875
70 से 75 किलोग्राम तक 2050
75 से 80 किलोग्राम तक 2250
80 से 85 किलोग्राम तक 2500
85 से 90 किलोग्राम तक 3000
90 किलोग्राम से अधिक 3500
सीपीएस पद्धति से डोडा खरीद
केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात में अफीम किसानों ने अफीम की खरीद की न्यूनतम दर 7 हजार रुपए किलोग्राम करने की मांग की है। सीपीएस पद्धति से डोडा खरीद की कीमत भी 200 से बढ़ाकर 1 हजार रुपए की जाए।
सुरेश चंद्र नागर, जिलाध्यक्ष, अफीम किसान संघर्ष समिति, बारां