
Rajasthan Tourism : कोविड 19 के बाद देसी-विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद बना राजस्थान, 4 साल में 12 गुना बढ़ा पर्यटन
Rajasthan Tourism : पिछले चार वर्षों में राजस्थान आने वाले घरेलू पर्यटकों की संख्या में करीब 12 गुना वृद्धि हुई है, साथ ही विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी तेज वृद्धि देखी गई है। कोविड-19 महामारी के कारण पर्यटन के क्षेत्र में सुस्ती देखी गई थी, लेकिन अब प्रदेश पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। राजस्थान पर्यटन विभाग के अनुसार, राज्य में घरेलू पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, 2023 में 17.90 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने रेगिस्तानी राज्य के विभिन्न ऐतिहासिक स्थलों का दीदार किया।
2023 में करीब 18 करोड़ घरेलू और 17 लाख विदेशी पर्यटक राजस्थान आए। 2020 में यह आंकड़ा क्रमश: 1.51 करोड़ घरेलू और 4.46 लाख विदेशी पर्यटकों का था। इसके बाद 2021 में 2.19 करोड़ घरेलू और 34,806 विदेशी पर्यटक आए। 2022 में, राज्य ने 10.83 करोड़ घरेलू और 39,684 विदेशी पर्यटकों की मेजबानी की। जनवरी 2020 से दिसंबर 2023 तक, कुल 32.44 करोड़ घरेलू पर्यटकों ने राजस्थान का दौरा किया, जबकि इस अवधि के दौरान 22.20 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक यहां घूमने आए। पर्यटन विभाग के उप निदेशक दलीप सिंह राठौड़ ने कहा, पर्यटकों के बीच राजस्थान एक प्रमुख पर्यटक आकर्षण रहा है। कोरोना महामारी के बाद बड़ी संख्या में घरेलू पर्यटक राज्य में आने लगे हैं। साथ ही, विदेशी पर्यटकों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है।
खुलेंगी नई संभावनाएं
राज्य में होटल एसोसिएशन ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों और चेक गणराज्य के प्रधान मंत्री पेट्र फियाला की हाल की यात्राओं के बाद पर्यटन के लिए नए अवसरों की उम्मीद जताते हुए आशा व्यक्त की है आगामी दिनों में विदेशी पर्यटकों में और अधिक वृद्धि देखने को मिल सकती है। जयपुर होटल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एम हुसैन का मानना है कि दोनों विदेशी नेताओं की यात्रा नई संभावनाओं को खोलेगी।
अधिकारियों को दिया 100 दिन का कार्य एजेंडा
फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों और चेक गणराज्य के प्रधानमंत्री पेट्र फियाला की यात्राओं के बाद प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, जिनके पास पर्यटन विभाग का प्रभार है, इस उद्देश्य के लिए सक्रिय रूप से विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के साथ बैठकें कर रही हैं ताकि प्रदेश में पर्यटन को और बढ़ावा दिया जा सके। दीया कुमारी ने कहा, सरकार राजस्थान को एक प्रमुख पर्यटन स्थल में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। विभाग के अधिकारियों को 100 दिन का कार्य एजेंडा दिया गया है।
एक व्यापक रणनीति तैयार करने और लागू करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनकी योजना में राज्य में रेल, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ सहयोग करना शामिल है। उन्होंने आगे कहा कि गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचा स्थापित करना, आतिथ्य सेवाओं में सुधार करना भी इस उद्देश्य के लिए आवश्यक है।
Published on:
05 Feb 2024 05:55 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
