Rajasthan Weather Update : मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर जयपुर, टोंक, बूंदी, झुंझुनू, चूरू,सीकर, नागौर, बीकानेर, जैसलमेर, बाडमेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, पाली, अजमेर, भीलवाड़ा जिलों मे हल्की से मध्यम वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बताई है।
Rajasthan Yellow Alert : भीषण गर्मी से जूझते राजस्थान को आंधी-बारिश से राहत मिली। बुधवार सुबह से ही मौसम बदला और तेज हवाओं ने मौसम खुशनुमा बना दिया। सुबह 10 बजते-बजते आसमान में बादल छा गए। राजस्थान में बुधवार से पश्चिम विक्षोभ का असर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी कर जयपुर, टोंक, बूंदी, झुंझुनू, चूरू,सीकर, नागौर, बीकानेर, जैसलमेर, बाडमेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, पाली, अजमेर, भीलवाड़ा जिलों मे कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बताई है। सर्वाधिक बारिश पूर्वी राजस्थान के सिकराय, दौसा में 45 एमएम और पश्चिमी राजस्थान के नोहर, हनुमानगढ़ में 40 एमएम दर्ज की गई है।
राजधानी में दोपहर से बरसे बदरा
जयपुर. दोपहर करीब 3.30 घंटे तक आंधी और हल्की बूंदाबांदी के बाद दोपहर 1.30 बजे से तेज बारिश शुरू हुई। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। कुछ इलाकों में चने के आकार के ओले भी गिरे। शहर में 13.2 मिमी बरसात हुई। बारिश के कारण हवा में नमी की मात्रा बढ़ गई। तेज बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। तापमान में साढे छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री था, वह बुधवार को गिरकर 36 डिग्री पर आ गया। वहीं बारिश के बाद दोपहर 2.45 बजे तापमान गिरकर 19 डिग्री पर आ गया और शाम 5.30 बजे 17 डिग्री पर।
भीलवाड़ा. इस वर्ष नौतपा गुरुवार से शुरू होगा। इसके शुरू होने से एक दिन पहले बुधवार को मौसम ने कई रूप दिखाए। सुबह गर्मी, दोपहर में बादल और अंधड़ के बाद शाम को बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग की मानें तो इस बार नौतपा कम तपाएगा। बुधवार को भीलवाड़ा में अधिकतम तापमान 40.9 और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
कोटा. सुबह तीखी धूप रही। उमस का जोर रहा। लोग पसीने से तरबतर रहे। बीच-बीच में बादल छाए रहे, लेकिन गर्म हवा के चलते तेज गर्मी का असर रहा। शाम ढलने के बाद तेज हवा चली। आसमान में बिजली चमकती रही। उसके बाद रात को झमाझम बारिश हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिरकर 42.5 व न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की आर्द्रता 38 प्रतिशत रही।
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर बुधवार को दोपहर करीब एक बजे अचानक आए मौसम के बदलाव से तेज हवा के साथ अंधड़ चलने लगा। इससे आसमान में धूल का गुबार छा गया। बजरिया व आसपास के क्षेत्र में बूंदाबांदी भी हुई। अधिकतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 40 डिग्री दर्ज किया गया।
मलारना डूंगर. क्षेत्र में बुधवार दोपहर बाद आए तेज अंधड़ व बारिश से क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक विद्युत पोल धराशाही हो गए। इस दौरान चने के आकार के ओले भी गिरे। इससे कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं गम्भीरा में चल रहे नाई समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन तथा बिलोली नदी में चल रहे नो दिवसीय यज्ञ में टेंट उड़ गए। दोपहर 12 बजे से अचानक बादल छाने लगे। तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। लगभग आधा घण्टे तक तेज हवा के साथ झमा झमा बारिश हुई। इस बीच कहीं कही चने के आकार के ओले भी गिरे।
झुंझुनूं. जिले के कई इलाकों में बुधवार को हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। दिन की शुरुआत बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी से हुई। दोपहर बाद से शाम साढ़े पांच बजे तक रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा। इससे सड़कों पर पानी भर गया। खेतड़ी, पचलंगी व आस-पास के क्षेत्रों में रिमझिम बारिश ने गर्मी से राहत पहुंचाई। पिलानी मौसम केंद्र के अनुसार बुधवार को दिन का तापमान 43.2 डिग्री से गिरकर 32.6 डिग्री पर आ गया। अधिकतम तापमान में 10.6 डिग्री की गिरावट आई। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.9 डिग्री से गिरकर 25.6 डिग्री पर पहुंच गया। रात के तापमान में 4.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
जोधपुर. दिनभर की उमस भरी तपिश के बाद रात आठ बजे शहर में आंधी आई। करीब 32 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली धूल भरी हवा से पूरे शहर में धूल ही धूल हो गई।
सूर्यनगरी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री रहा। सुबह-सुबह हवा में 68 प्रतिशत आर्द्रता रहने की वजह से उमस व्याप्त हो गई। दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ने लगी। दोपहर में तापमान 40.3 डिग्री तक ही पहुंचा लेकिन उमस के कारण लोगों के पसीने छूटते रहे। रात आठ बजे मौसम अचानक पलटा और आंधी आ गई। इसके बाद हुई तेज बरसात से मौसम सुहाना हो गया।
सीकर. शेखावाटी सहित प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बरसों बाद ज्येष्ठ माह में मानसून सीजन जैसी झमाझम हुई। सुबह से ही बारिश का दौर शुरू होने के कारण मौसम पूरी तरह पलट गया। लोसल इलाके में चने के आकार के ओले गिरे। सर्वाधिक बारिश 35 मिमी नीमकाथाना क्षेत्र में और 16 मिमी बारिश सीकर तहसील क्षेत्र में दर्ज की गई। 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चली। महज 12 घंटे में ही अधिकतम तापमान 13 डिग्री गिरने से कूलर व एसी थम गए और शाम को मामूली सर्दी का अहसास हुआ। फतेहपुर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 31 डिग्री व न्यूनतम तापमान डिग्री 26 दर्ज किया गया।
जालोर. जालोर का तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया और दिनभर गर्म हवाओं ने झुलसाए रखा। हालांकि, देर शाम मौसम ने पलटा खाया। कई जगह धूल भरी आंधी शुरू हो गई।
नागौर. जिले के पूर्वी हिस्से में बुधवार को दोपहर बाद अचानक पलटे मौसम से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिले के परबतसर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद आंधी के साथ आई तूफानी बारिश ने कई दुकानों के आगे लगे टिन टप्पर उड़ा दिए। परबतसर में करीब 20 मिनट तक तूफानी हवाओं के मूसलाधार बारिश हुई, जिससे शहर में पानी ही पानी हो गया। कुचामन सिटी में भी तेज बारिश हुई। बारिश से पशु चिकित्सालय में बारिश का पानी भर गया। क्षेत्र के चौसला व आसपास के गांवों में भी तेज बारिश का दौर चला। लोहराणा व पिपराली क्षेत्र में बेर के आकार के ओले गिरे। डीडवाना में भी करीब सवा तीन बजे मेघों ने मल्हार गाया। दोपहर करीब तीन बजे धूलभरी तेज आंधी चलने लगी, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। करीब आधे घंटे तक आंधी चलने के बाद मौसम शांत हो गया। इसके बाद शाम करीब पौने छह बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो छह बजे तेज बारिश में बदल गई। करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया।
छोटीखाटू. कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में बुधवार को तेज आंधी व हवा के साथ बारिश हुई । इससे कस्बेवासियों को थोड़ी गर्मी से राहत मिली। दोपहर को हुई तेज बारिश के ठण्डी हवाओं के चलने का भी दौर शुरू हुआ। जगह- जगह पानी भरने से आवाजाही में आमजन को दिक्कते झेलनी पड़ी।
तरनाऊ. बुधवार दोपहर में गांवों में तेज आंधी का दौर शुरू हुआ। आंधी चलने से यात्रा करने वालों को व वाहन चालकों को भारी परेशानी हुई। देर शाम हल्की बारिश हुई।