
जयपुर। परकोटे में सुगम यातायात को लेकर एमआइ रोड से जोरावर सिंह गेट तक भूमिगत सब-वे (टनल) बनाने की मांग फिर जोर पकड़ने लगी है। व्यापारियों ने रामनिवास बाग से बापू बाजार तक भूमिगत सब-वे की तैयारियों को लेकर सवाल उठाते हुए लॉन्ग टर्म समाधान की जरूरत जताई है। उन्होंने सोमवार को पत्रिका टीम के साथ मेट्रो स्टेशन और बाजार का दौरा कर सब-वे बनाने का रूट दिखाया। परकोटे में सुगम राह के लिए इसे जरूरी भी बताया।
जानकारों का कहना है बड़ी चौपड़ पर जब मेट्रो का स्टेशन का निर्माण हुआ था, तब पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एमआइ रोड से जोरावर सिंह गेट तक टनल का प्रस्ताव तैयार करने के लिए मेट्रो अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसके बाद मेट्रो ने बड़ी चौपड़ के ऊपर इसके लिए जगह भी छोड़ी थी। हालांकि सरकार बदलते के बाद यह प्रस्ताव ठंडे बस्ते में चला गया। अब जेडीए की ओर से रामनिवास बाग से बापू बाजार तक भूमिगत सब-वे बनाने की तैयारियों के बीच व्यापारियों ने यह मांग फिर से उठाई है।
व्यापारियों ने जेडीए की ओर से रामनिवास बाग से बापू बाजार तक भूमिगत सब–वे बनाने की तैयारी को अधूरा समाधान बताया। उनका तर्क है कि रामनिवास बाग से जोरावर सिंह गेट तक टनल ही परकोटे में जाम का स्थायी समाधान है।
मेट्रो स्टेशन के ऊपर छोड़ी गई खाली जगह का अभी कोई उपयोग भी नहीं हो रहा है। जयपुर मेट्रो ने इसे एक कंपनी को दे रखा है, जिसने भी अभी कोई काम शुरू नहीं किया है।
जब मेट्रो स्टशेन बना था, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने एमआइ रोड से जोरावर सिंह गेट तक टनल निकालने का प्रस्ताव रखा था, उसके लिए हमने बड़ी चौपड़ मेट्रो स्टेशन के ऊपर प्रोविजन छोड़ दिया था। परकोटे के जाम से निजात दिलाने के लिए यह अच्छा प्रस्ताव था। इससे होकर टनल आसानी से निकल सकती है।
- अखिलेस सक्सेना, पूर्व परियोजना निदेशक, जयपुर मेट्रो
मेेट्रो स्टेशन बनने के बाद हमनें तत्कालीन मेट्रो अधिकारियों और पुलिस आयुक्त से मिलकर रामनिवास बाग से जोरावर सिंह गेट तक सब-वे बनाने की मांग की थी। अगर यह सब-वे बन जाता है तो परकोटे के जाम से राहत मिलेगी। जेडीए को इस पर काम करना चाहिए।
- सुभाष गोयल, अध्यक्ष, जयपुर व्यापार महासंघ
वर्तमान योजना केवल रामनिवास बाग से बापू बाजार तक सीमित है, इससे परकोटे के बाजार में लगने वाले जाम से राहत नहीं मिलेगी। यदि रामनिवास बाग से बड़ी चौपड़ होते हुए जोरावर सिंह गेट तक टनल बना दी जाए तो राहत मिलेगी।
- सुरेश सैनी, महामंत्री जयपुर व्यापार महासंघ
Published on:
17 Feb 2026 11:06 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
