जयपुर. स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शहर के दोनों नगर निगम तैयारियों में जुटे हैं। जागरूकता रैली निकाली जा रही हैं और कचरा पात्र भी लगाए जा रहे हैं। एक फरवरी से सिटीजन फीडबैक भी शुरू हो रहा है। ऐसे में शहरवासियों को अपने नगर निगम के बारे में सही जानकारी देनी होगी। छह तरीके से लोग फीडबैक दे सकेंगे। इसमें कचरा लेने गाड़ी समय से आ रही है या नहीं, गीला सूखा कचरा अलग-अलग किया जा रहा है या नहीं जैसे कई सवाल है। एक साल के अनुभव के आधार पर भी सवाल पूछे जाएंगे।
यहां दे सकेंगे अपने जवाब
-माय जीओवी एप पर
-एसएस 2023 पोर्टल पर
-स्वच्छ सर्वेक्षण पोर्टल पर
-स्वच्छता एप पर
-1969 पर कॉल करके
-क्यूआर कोड स्कैन कर
खास-खास
-600 अंक स्वच्छ सर्वेक्षण में रखे गए हैं सिटीजन फीडबैक के
-10 हजार लोगों का फीडबैक है जरूरी
निगम ये कर रहा
-शहर में कई जगह पेंटिंग्स बनाकर लोगों को जागरूक कर रहा है।
-कोचिंग संस्थाओं और कॉलेज में जाकर एक साथ फीडबैक पर जोर दे रहा है।
-निगम के सफाईकर्मियों की एक टीम बनाई गई है जो वार्ड में लोगों को फीडबैक के बारे में बता रहे हैं।
इधर, ग्रेटर लगा रहा लिटरबिन्स
ग्रेटर नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि पहले से शहर में तीन हजार से अधिक लिटरबिन्स लगे हुए हैं। अभी 750 लिटरबिन्स और लगाए जा रहे हैं। बस स्टॉपेज से लेकर भीड़ भरे बाजारों में इनको लगाने का काम निगम ने शुरू किया है। प्रमुख मार्गों पर 50 से 60 मीटर के बीच में एक लिटरबिन्स को लगाया जा रहा है।
यहां लग चुके
-जेएलएन मार्ग : एयरपोर्ट से लेकर रामनिवास बाग के गेट तक 100 लिटरबिन्स लगाए जा चुके हैं।
-गांधी सर्कल से गांधी नगर मोड़ तक 10 लिटरबिन्स अब तक लगाए जा चुके हैं।
-गांधी नगर से रामबाग सर्कल तक आठ लिटरबिन्स लगाए गए हैं।