
हजारों परिवारों को नहीं मिल रहा नलों से पानी
विस्तारित क्षेत्र की कॉलोनियां पेयजल वितरण व्यवस्था से अब भी वंचित
लोग निजी टैंकर और बोरवेल पर निर्भर
दौसा. जिला मुख्यालय का तेजी से विकसित हो रहा विस्तारित शहरी क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधा पेयजल के लिए तरस रहा है। शहर की दर्जनों नई कॉलोनियों में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं होने से हजारों परिवार निजी बोरवेल, सबमर्सिबल और टैंकरों के सहारे जीवनयापन करने को मजबूर हैं। गर्मी और मानसून दोनों मौसम में पानी की समस्या लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। शहर के करीब 40 प्रतिशत विस्तारित क्षेत्र में अब तक जलदाय विभाग की पाइपलाइन नहीं पहुंची है। नई बसी कॉलोनियों में अधिकांश मकानों तक नलों से पानी नहीं आता और न ही नियमित टैंकर सुविधा उपलब्ध है। मजबूरी में लोग अपने स्तर पर लाखों रुपए खर्च कर बोरवेल खुदवा रहे हैं या निजी टैंकरों से पानी मंगवा रहे हैं।
इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा परेशानी
शेखा रोड, शेखा की ढाणी, गोपालवाड़ी, सिंधी कॉलोनी, डूंगरी रोड, उदयपुरिया रोड, राजेश पायलट नगर, उत्तम नगर, ओम नगर, अशोक विहार सहित कई नई कॉलोनियों में पेयजल संकट लंबे समय से बना हुआ है। कई जगहों पर पाइपलाइन बिछाने की मांग वर्षों से की जा रही है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है।
आर्थिक बोझ बढ़ा
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक बार बोरवेल खुदवाने पर 4 से 5 लाख रुपए तक खर्च हो जाते हैं। इसके बाद भी पानी की कोई गारंटी नहीं रहती। जिन परिवारों के पास बोरवेल नहीं हैं, उन्हें हर सप्ताह निजी टैंकरों पर हजारों रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों से स्थायी समाधान की मांग
वंचित रही कॉलोनी के राकेश, केदार, फूलचंद, महबूब सहित अन्य लोगों ने जलदाय विभाग और जनप्रतिनिधियों से विस्तारित क्षेत्रों में शीघ्र पेयजल पाइपलाइन बिछाकर नियमित जलापूर्ति शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि शहर का लगातार विस्तार हो रहा है, लेकिन पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का विकास उसी गति से नहीं हो पा रहा, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
इनका कहना है.........
जल जीवन मिशन के तहत शहर की अधिकांश कॉलोनियों में पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। ईसरदा परियोजना का कार्य तेज गति से चल रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही शहर की शेष रही कॉलोनियों में भी पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जाएगी।
रिंकू सैनी
सहायक अभियंता
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, दौसा
Edit
Updated on:
21 Jul 2026 06:00 am
Published on:
21 Jul 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
