महेश नगर थाना इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक सवार बदमाश कार का कांच तोड़कर फरार हो गए। जिस समय बदमाश कार का कांच तोड़ रहे थे, उस दौरान सीसीटीवी कैमरे में लगा पूरा घटनाक्रम कैद हो गया। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों में आए फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में रामनगर स्वेजफार्म निवासी यश सैनी ने मामला दर्ज करवाया। जिमें बताया कि वह घर पर सो रहे थे, रात को तेज आवाज आई तो वह बाहर निकल कर आए। इसके बाद वह सोने चले गए। सुबह उठने पर जब उन्होंने कार को देखा तो उसके पीछे का कांच टूटा हुआ था।
बाइक से आए थे बदमाश
यश ने बताया कि घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे है। जिस समय बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे, उस दौरान का पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया। फुटेज में तीन बदमाश ईट मारकर कार का कांच तोड़ते हुए दिखाई दे रहे है। गौरतलब है कि जवाहर सर्कल थाना इलाके में भी दो महीने पहले बदमाशों ने गाड़ियों के कांच तोड़ दिए थे। पुलिस अब तक इन बदमाशों को पकड़ नहीं पाई है।