
जैतपुरा@ पत्रिका. अनंतपुरा बस स्टैण्ड के समीप गोल्यावाला रोड पर लोगों को सडक पर पानी भरने व कीचड़ की से असुविधा का सामना करना पड रहा है। हाल ही में हुई बारिश के बाद से ही मार्ग पर पानी जमा होना शुरू हो गया था, जो अब नालियों के अभाव और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण कीचड़ में तब्दील हो चुका है। मुख्य सड़क पर फैल रहे कीचड़ के कारण वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को आवागमन से परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी दुपहिया वाहन चालकों और स्थानीय दुकानदारों को उठानी पड़ रही है। कीचड़ के कारण आए दिन गाड़ियां फिसलने से हादसे हो रहे हैं, जिससे लोग चोटिल भी हो रहे हैं। पानी में कई बार चार पहिया वाहन भी फंस जाते हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन और संबंधित विभाग को इस समस्या से कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। पानी निकासी के लिए नालियों का निर्माण न होना इसका मुख्य कारण है। गंदे पानी से क्षेत्र में मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना रहता है। बस स्टैण्ड के पास स्थित इस व्यस्त मार्ग पर रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए तुरंत गोल्यावाला रोड की सुध ली जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कर लोगों को राहत दिलाई जाए।
फोटो-अनंतपुरा बस स्टैण्ड के समीप गोल्यावाला रोड पर जमा कीचड़।
Updated on:
09 Aug 2026 06:02 am
Published on:
09 Aug 2026 06:02 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
