3 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजे के बर्थडे में पहुंचे 48, विधायक दल की बैठक में रहे मात्र 35 विधायक, कटारिया नाराज

भाजपा की दीर्घा रही खाली, विपक्षी विधायक रहे सदन से गायब, राजे का जन्मदिन माना जा रहा वजह, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने जताई नाराजगी

less than 1 minute read
Google source verification
Vasundhara raje

राजे के बर्थडे में पहुंचे 48, विधायक दल की बैठक में रहे मात्र 35 विधायक, कटारिया नाराज

अरविन्द सिंह शक्तावत / जयपुर। विधानसभा में हर मंगलवार को होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक का नजारा बदला-बदला ही नजर आया। जिस बैठक में अक्सर 60-70 विधायक होते हैं, उसमें तीस-35 विधायक ही पहुंचे। इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने भी नाराजगी जाहिर की है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे का मंगलवार को जन्मदिन था। इस अवसर पर केशोरायपाटन में धार्मिक अनुष्ठान के साथ एक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कई विधायक वहां पहुंच गए। इसी वजह से सदन में कई विधायक अनुपस्थित रहे। बताया जा रहा है कि उपिस्थति रजिस्टर में भाजपा के 45 विधायकों ने साइन किए थे, लेकिन गिनती की गई तो तीस से 35 विधायक ही मौजूद रहे।

सदन के अंदर तो स्थिति और भी खराब रही। भाजपा विधायकों की दीर्घा खाली ही पड़ी रही। प्रश्नकाल में तो यह हालत हो गई थी कि भाजपा विधायकों के नाम पुकारे गए, लेकिन वो वहां मौजूद नहीं थे। ऐसे में उप नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ को भाजपा विधायकों के प्रश्न पूछने पड़े।

48 विधायक पहुंचे राजे को बधाई देने
राजे के जन्मदिन पर तीन निर्दलीयों समेत 48 भाजपा विधायक, 11 सांसद, 110 पूर्व विधायक एवं 8 पूर्व सांसदों की मौजूदगी रही। 10 जिलाध्यक्ष व 15 पूर्व जिलाध्यक्ष भी आए। कार्यक्रम से बूंदी जिला भाजपा के वर्तमान पदाधिकारियों ने दूरी बनाए रखी। हालांकि केशवरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल पूरे समय कार्यक्रम में मौजूद रहीं।

राजे के जन्मदिन पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन
वसुंधरा राजे अपने जन्मदिन पर देवदर्शन यात्रा करते हुए चम्बल नदी किनारे केशव की नगरी में आई। यहां हजारों समर्थकों के साथ भगवान केशव की पूजा-अर्चना कर जन्मदिन मनाया। उन्होंने मां चर्मण्यवती को चुनरी ओढ़ाई। चम्बल किनारे विशाल सभा हुई।