
फोटो: AI
RPSC SI Recruitment Exam: राजस्थान में 5 और 6 अप्रेल को होने वाली उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इस परीक्षा में करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार विशेष निगरानी रखी जाएगी। पेपर लीक और नकल के मामलों को देखते हुए राजस्थान पुलिस ने 26 जिलों में हाई अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को सख्त नियमों का पालन करना होगा। बिना आधार कार्ड और जरूरी दस्तावेजों के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ तीन जरूरी दस्तावेज लेकर जाना अनिवार्य होगा। इनमें 1. ई-प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड), 2. सबसे जरूरी फोटो पहचान पत्र यानी आधार कार्ड और 3. हाल ही की पासपोर्ट साइज फोटो शामिल है।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के आधार कार्ड और एडमिट कार्ड का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना आधार कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को एंट्री नहीं मिलेगी।
परीक्षा को सुरक्षित बनाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। साथ ही मोबाइल नेटवर्क को बंद करने के लिए जैमर भी लगाए जाएंगे। परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे।
यहां तक कि परीक्षा ड्यूटी में लगे स्टाफ के मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ कर अलमारी में सीलबंद रखे जाएंगे। परीक्षा खत्म होने से पहले किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
नकल और डमी अभ्यर्थियों को रोकने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन और एचएचएमडी उपकरणों से फ्रिस्किंग की जाएगी। एसओजी और एटीएस की विशेष टीमें भी सक्रिय कर दी है।
राजस्थान के डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गड़बड़ी करने वाले गिरोह की सूचना देने वालों के लिए 1 लाख रुपए के इनाम की घोषणा भी की गई है।
Updated on:
04 Apr 2026 11:56 am
Published on:
04 Apr 2026 11:19 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
