
पानी की समस्याओं के लिए जनसुनवाई, एक्सईएन व एईएन एक घंटे तक सुन रहे लोगों की समस्या
जयपुर। चुनावी आचार संहिता के बीच पेयजल समस्याओं के निदान के लिए जलदाय विभाग ने अपने कार्यालय में आज से जनसुनवाई शुरू की है। रोजाना एक घंटे सभी सहायक अभियंता (एईएन) और अधिशाषी अभियंता (एक्सईएन) अपने कार्यालय में सुबह 10.30 से 11.30 बजे तक कार्यालय में जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान पेयजल संबंधि समस्याओं की सुनवाई कर उनका निदान किया जाएगा।
आचार संहिता के बीच कार्यालयों में जनता की सुनवाई नहीं होने की शिकायतों के बाद जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता द्वितीय ने एक आदेश जारी कर सभी कार्यालयों में रोजाना एक घंटे तक जनसुनवाई करने के निर्देश जारी किए है। इसमें सभी एक्सईएन व एईएन अपने कार्यालय में मौजूद रहकर जनता की समस्याओं की सुनवाई करेंगे।
समस्याओं का निस्तारण जल्द
अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि अब सभी एक्सईएन व एईएन अपने कार्यालय में मौजूद रहकर जनता की समस्याओं को सुनेंगे। इसके लिए रोजाना एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है। इससे जनता की समस्याओं का निस्तारण जल्द हो सकेगा। वहीं जनता की शिकायत भी दूर होगी। छोटी—छोटी समस्याओं को लेकर जनता कार्यालयों में आती है, जब कोई अफसर नहीं मिलता है तो उन्हें परेशानी होती है, इसलिए अब जनसुनवाई के लिए सुबह 10.30 से 11.30 बजे का समय निर्धारित किया गया है। इस बीच जनता कार्यालय में जाकर अपनी समस्या बता सकती है।
अफसर नहीं मिले तो होगी कार्रवाई
जनसुनवाई के समय अगर कार्यालय में अफसर मौजूद नहीं रहे तो उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जाएगी। इसे लेकर अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने आदेश जारी किए है। हालांकि जिन अफसरों की चुनावों में ड्यूटी लगी है या किसी कारण से छुट्टी पर रहेंगे तो उनकी जगह जिम्मेदार अधिकारी जनसुनवाई करेगा।
रजिस्टर में भी दर्ज करनी होगी शिकायतें
जनसुनवाई के दौरान अफसरों को जनता की पेयजल से जुड़ी समस्याओं को रजिस्टर में भी दर्ज करना होगा। इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी। इससे जनता की शिकायतों का निस्तारण तुरंत हो सकेगा।
इसलिए जारी करने पड़े आदेश
आचार संहिता के चलते जलदाय विभाग के कार्यालय भी सूने नजर आने लगे है। कार्मिक तो दूर इंजीनियर्स भी समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे है। इससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है। पेयजल से जुड़ी समस्या भी बढ़ती जा रही है।
Published on:
16 Nov 2023 11:41 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
