Monsoon 2025: जयपुर। प्रदेश में गर्मी का कहर अब भी जारी है, लेकिन मानसून पूर्व की गतिविधियों ने राहत की उम्मीद जगा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, दक्षिणी राजस्थान के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र सक्रिय है, जिससे बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं प्रदेश में सक्रिय हो रही हैं। इससे मानसून के पूर्वी और मध्य भारत की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
आज यानी 13 जून को उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में दोपहर बाद तेज़ आंधी और बारिश की संभावना है। वहीं, जोधपुर, बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के अन्य क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज होने की संभावना है। इस कारण प्रदेश के इन भागों में तीव्र हीटवेव का असर बना रहेगा।
14 जून को मानसून पूर्व की गतिविधियों में और बढ़ोतरी के आसार हैं। उदयपुर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। हालांकि, जोधपुर और बीकानेर में हीटवेव का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज़ हवा (50-60 किमी/घंटा), गर्जना और हल्की बारिश के आसार हैं।
वहीं 15 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां और तेज़ होंगी, जिससे तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। इसके चलते हीटवेव से राहत मिलने की प्रबल संभावना है।
Updated on:
13 Jun 2025 12:21 pm
Published on:
13 Jun 2025 12:11 pm