जयपुर। हैरिटेज नगर निगम जयपुर, जेडीए, पीडीकोर व जयपुर स्मार्ट सिटी के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को जयपुर के एक होटल में हेरिटेज संरक्षण को लेकर कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें ऑस हैरिटेज ऑस्ट्रेलिया के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यशाला में हैरिटेज संरक्षण को लेकर ऑस हैरिटेज ऑस्ट्रेलिया व पीडीकोर के बीच एमओयू हुआ। स्पेशल हैरिटेज एरिया प्लान बनाने को लेकर गहन मंथन किया गया। इस विषय को लेकर आज वर्कशॉप में शहर के विकास और नियोजन से जुड़ी सभी संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
हेरिटेज संरक्षण को लेकर आयोजित कार्यशाला में स्पेशल हैरिटेज एरिया प्लान बनाने को लेकर चर्चा की गई। इसमें नगरीय विकास एवं आवासन सलाहकार जी.एस. संधू ने कहा कि हेरिटेज एरिया प्लान को लेकर चर्चा की गई है। ऑस हैरिटेज ऑस्ट्रेलिया व पीडीकोर के बीच इसे लेकर एमओयू किया गया हैं। अब राजस्थान में हेरिटेज संरक्षण के लिए मिल काम करेंगे।
स्पेशल एरिया हैरिटेज प्लान का प्रारूप तैयार
यूनेस्को की ओर से जयपुर के परकोटा क्षेत्र को वर्ल्ड हेरिटेज सिटी का खिताब मिलने और साल 2015 में जयपुर को क्राफ्ट सिटी घोषित किया था। यूनेस्को ने गुलाबी नगर के चारदीवारी क्षेत्र को वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स की सूची में शामिल किया था। इसके बाद हेरिटेज के संरक्षण को सहेजने के लिए हेरिटेज नगर निगम जयपुर ने कार्यों का आंकलन किया था। इसके तहत नगर नियोजन विभाग की ओर से स्पेशल एरिया हैरिटेज प्लान का प्रारूप तैयार किया गया है। इस प्लान को उच्च स्तर पर परीक्षण के बाद लागू किया जा सकता है।