जैसलमेर

जैसलमेर में मिसाइलनुमा वस्तु गिरने से मचा हड़कंप, सेना को दी सूचना

नाचना क्षेत्र के अजासर गांव सत्याया गांव के पास अलग-अलग 2 खेतों में शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक मिसाइलनुमा वस्तुएं आसमान से गिरी। जिससे यहां कार्य कर रहे किसानों के साथ आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

2 min read
Mar 24, 2023

नाचना (जैसलमेर). क्षेत्र के अजासर गांव सत्याया गांव के पास अलग-अलग 2 खेतों में शुक्रवार को दोपहर बाद अचानक मिसाइलनुमा वस्तुएं आसमान से गिरी। जिससे यहां कार्य कर रहे किसानों के साथ आसपास क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तुओं की जांच कर इस संबंध में सेना के अधिकारियों को अवगत करवाया।

क्षेत्र केे अजासर गांव की सरहद के पास किसान शिशुपालसिंह एवं सत्याया गांव के पास किसान चतुरसिंह के खेत में शुक्रवार को दोपहर आसमान से मिसाइलनुमा संदिग्ध वस्तुएं गिरी। इस दौरान यहां खड़े किसानों में अफरा-तफरी मच गई। साथ ही एकबारगी भय का माहौल हो गया। आस पड़ौस में सूचना मिलने पर मौके पर बड़ी संख्या में किसान एकत्रित हो गए। किसानों के अनुसार संदिग्ध वस्तुएं 6 फीट लंबी है तथा 4 पंखुडिय़ां लगी हुई है। इनके साथ एक गोलाकार काले रंग की वस्तु भी साथ गिरी है।

पुलिस ने किया मौका मुआयना
संदिग्ध वस्तुओं के गिरने की सूचना मिलने पर नाचना थाने से हेड कांस्टेबल मूलाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थलों का मौका मुआयना किया। इसी प्रकार पुलिस उपाधीक्षक कैलाश विश्रोई व थानाधिकारी अजीतसिंह चंपावत ने भी मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। साथ ही इस संबंध में सेना के अधिकारियों को भी सूचना दी गई है। सेना के अधिकारियों के आने के बाद संदिग्ध वस्तुओं की जानकारी हो सकेगी।

पास ही स्थित है रेंज, आए दिन मिलती है संदिग्ध वस्तुएं
सरहदी जिले में विस्तृत भू-भाग में फैली पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज नाचना क्षेत्र के गांवों से लगती हुई है। अजासर, सत्याया सहित कई गांव रेंज के पास ही आबाद है। रेंज में वर्षभर सेना के युद्धाभ्यास चलते रहते है। इस दौरान कई बार बम, गोले सहित अन्य वस्तुएं छोडऩे के बाद फटने से रह जाती है तो कई बार फटने के बाद स्क्रैप मिट्टी में दब जाने से मिल नहीं पाता है।

ऐसे में कई बार जंगलों व रेंज से सटे इलाकों में बमनुमा वस्तुएं मिलती रहती है। शुक्रवार को रेंज में मिसाइलनुमा वस्तुएं छोडऩे के दौरान तकनीकी खराबी से ये रेंज के बाहर खेतों में आकर गिरने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई पुष्टि नहीं कर रहा है। संदिग्ध वस्तुओं के मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एहतियात के तौर पर पुलिस की ओर से इन वस्तुओं को अपने कब्जे में लिया गया है।

आज पीएफएफआर में वार्षिक फील्ड फायरिंग करने वाली एक यूनिट के मिसाइल मिसफायर होने का मामला सामने आया। एमएसएलएस उड़ान में सुरक्षित रूप से विस्फोट हो गया, जिससे मलबा आसपास के खेतों में गिरा। किसी भी व्यक्ति और संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। मुद्दे की जांच की जा रही है।
- ले. कर्नल अमिताभ शर्मा, रक्षा प्रवक्ता

Published on:
24 Mar 2023 07:59 pm
Also Read
View All

अगली खबर