4 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शहीद सुखराम की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दी श्रद्धांजलि

शहीद के जीवन से लें प्रेरणा : विश्रोई-

2 min read
Google source verification
शहीद सुखराम की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दी श्रद्धांजलि

शहीद सुखराम की 17वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दी श्रद्धांजलि


पोकरण/लाठी. अमर शहीद सुखराम विश्रोई की 17वीं पुण्यतिथि के मौके पर धोलिया गांव के बलवंत चौक स्थित शहीद स्मारक पर शनिवार को उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पुलिस निरीक्षक केशराराम विश्रोई के मुख्य आतिथ्य, धोलिया सरपंच शिवरतन विश्रोई की अध्यक्षता, लाठी सरपंच महेन्द्र चावला, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष जुगलकिशोर व्यास, शिक्षाविद् जगनलाल पालीवाल, शहीद के पिता सत्तुराम विश्रोई के विशिष्ट आतिथ्य में सभा आयोजित की गई। इस मौके पर संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विश्रोई ने शहीदों के जीवन से त्याग व बलिदान की प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता व अखण्डता के लिए कार्य करने का आह्वान किया। धोलिया सरपंच विश्रोई ने कहा कि शहीद संपूर्ण राष्ट्र के गौरव है तथा सुखराम विश्रोई की शहादत ने देशभर में इस क्षेत्र व समाज का गौरव बढ़ाया है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व्यास ने कहा कि उनके बताए मार्गों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक सीमा का प्रहरी है। उसे राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ सीमाओं की रक्षा, सैनिकों की मदद के लिए हरसमय तैयार रहना चाहिए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी व पूर्व गृहमंत्री लोहपुरुष सरदारवल्लभभाई पटेल को भी याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। शिक्षाविद् पालीवाल ने देश के तमाम नाम गुमनाम शहीदों, अमर शहीद सुखराम, पूर्व प्रधानमंत्री गांधी, पूर्व गृहमंत्री पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र के नागरिकों को मुल्क की एकता व अखण्डता के लिए देशविरोधी ताकतों का डटकर मुकाबला करने के लिए हरसमय तैयार करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षाविद् व शहीद सुखराम विश्रोई स्मृति संस्थान के सचिव रामरख विश्रोई ने किया। इससे पूर्व अतिथियों व ग्रामीणों ने शहीद विश्रोई की प्रतिमा पर मालाएं पहनाकर व पुष्प चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजली दी। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर देश के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।
शहीद स्मारक के जीर्णोद्धार व प्याऊ निर्माण की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान धोलिया के सरपंच शिवरतन गोदारा ने अमर शहीद सुखराम विश्रोई के नाम से गांव में खेल मैदान, उद्यान विकसित करने की घोषणा की। पोकरण विधायक व अल्पसंख्यक मामलात, वक्फ एवं जन अभियोग निराकरण विभाग मंत्री शाले मोहम्मद की ओर से शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार करवाने तथा पूर्व जिला प्रमुख अंजना मेघवाल ने शहीद स्मारक पर प्याऊ का निर्माण करवाने की घोषणा की।