3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Video: केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया बखान, राज्य सरकार को कोसा

भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत जैसलमेर-म्याजलार सडक़ कार्य को मंजूरी मिली : चौधरी

2 min read
Google source verification
Video: केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया बखान, राज्य सरकार को कोसा

Video: केंद्रीय मंत्री ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का किया बखान, राज्य सरकार को कोसा

जैसलमेर. भारतीय जनता पार्टी के जिला संगठन से जुड़े कार्यक्रमों में भागीदारी करने जैसलमेर आए केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री और क्षेत्रीय सांसद कैलाश चौधरी ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में गुणवत्तायुक्त सडक़ों का जाल बिछाने के भारतमाला परियोजना के तहत डीएनपी की आपत्तियों की वजह से अटका हुआ जैसलमेर से म्याजलार तक 100 किलोमीटर सडक़ कार्य को स्वीकृति मिल गई है और जल्द ही यह कार्य शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि डीएनपी क्षेत्र में सार्वजनिक महत्व के विकास कार्यों व बुनियादी सुविधाओं के कार्य पर किसी तरह की रोक नहीं है। इसके बावजूद निचले स्तर पर अधिकारी अगर किसी कार्य में रुकावट डालते हैं तो संबंधित व्यक्ति सीधा उनसे मिल सकता है। शहर के कलाकार कॉलोनी स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने बताया कि जैसलमेर से भाभर तक रेल लाइन बिछाए जाने के मसले को वे निरंतर सरकार के समक्ष उठा रहे हंै और उन्हें विश्वास है कि मोदी सरकार इस मामले में सकारात्मक कदम उठाएगी। कोरोना काल में जैसलमेर से बंद की गई लम्बी दूरी की टे्रनों को फिर से शुरू नहीं किए जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जैसलमेर में 150 करोड़ की लागत से रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है। यहां वाशिंग लाइन नहीं होने से लम्बी दूरी की टे्रनों का संचालन करने में दिक्कतें आती रही हैं। उनका प्रयास है कि भविष्य में यहां वाशिंग लाइन स्थापित हो। आने वाले समय में जैसलमेर से कई लम्बी दूरी की टे्रनों का संचालन करवाया जाएगा।
केंद्र की तारीफों के पुल बांधे, राज्य सरकार की भत्र्सना
केंद्र की मोदी सरकार की तारीफों के पुल बांधते हुए चौधरी ने कहा कि नौ साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व उपलब्धियां अर्जित की गई हैं। इसी कारण प्रधानमंत्री लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। बच्चा-बच्चा मोदी-मोदी करता है। नौ साल पूरे होने पर सरकार व संगठन की तरफ से चलाए जा रहे कार्यक्रमों में आमजन केंद्र सरकार का धन्यवाद ज्ञापित कर रही है। वहीं उन्होंने राज्य की गहलोत सरकार को आड़े हाथों लेते हुए आरोप लगाया कि उसके विधायक लूटने में लगे हैं। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। यही कारण है कि प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। यहां भाजपा की डबल इंजन सरकार बनेगी तब राजस्थान का विकास भी गुजरात की तर्ज पर होगा। उन्होंने गहलोत सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे महंगाई राहत कैंप की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र की योजनाओं से लोगों को लाभान्वित कर झूठी वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। अगर मुख्यमंत्री सचमुच लोगों को राहत देना चाहते हैं तो डीजल व पेट्रोल पर लगाए जा रहे टैक्स में कमी कर जनता को राहत प्रदान करे। इस मौके पर जब उनसे पूर्वोत्तर के राज्य मणिपुर मे लगातार चल रही हिंसा के संबंध में सवाल किया गया तो चौधरी ने कहा कि वहां स्थानीय स्तर पर कुछ मुद्दों के कारण अशांति हुई है। केंद्र सरकार की तरफ से राज्य के साथ मिलकर जल्द से जल्द शांति कायम करने के लिए ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। पत्रकार वार्ता के समय भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश सारदा, भाजपा नेता डॉ. जितेंद्रसिंह, सांगसिंह भाटी, विक्रमसिंह नाचना आदि उपस्थित थे।

Story Loader