2 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इधर दीवार का काम, उधर रास्ता जाम… शहर के प्रमुख शिव मार्ग पर चार पहिया वाहनों से जाम हुआ आम

जैसलमेर के प्रमुख मार्गों में शामिल शिव मार्ग पर इन दिनों यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो गई है।

2 min read
Google source verification

जैसलमेर के प्रमुख मार्गों में शामिल शिव मार्ग पर इन दिनों यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हो गई है। ऐतिहासिक सोनार दुर्ग की दीवार का दो स्थानों पर काम चलने के कारण यह रास्ता बैरिकेडिंग की वजह से संकरा हो गया है। इन दोनों स्थानों पर दिनभर वाहनों की चिल्ल-पौं से दुपहिया वाहनों का गुजरना व पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। विशेषकर शाम के समय तो स्थितियां और विकट हो जाती हैं। यह वह समय होता है, जब बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही इस मार्ग से होती है। चार पहिया वाहनों के आने-जाने पर किसी तरह की पाबंदी नहीं होने या उनके लगातार आवाजाही को किसी तरह से प्रबंधित नहीं किए जाने से इस मार्ग पर दिन से लेकर रात तक कई बार जाम लग जाता है। रात को स्थितियां और खराब हो जाती हैं और जाम का असर गोपा चौक सब्जी मंडी के आगे व ऐन गोपा चौक तक में महसूस किया जाता है।

अहम रास्ता है शिव मार्ग

शिव मार्ग शहर के अहम मार्गों में शामिल है। इसी मार्ग पर एसबीआइ चौराहा तक कई बैंक शाखाएं, दुकानें, प्रतिष्ठानों के साथ ही दुर्ग से बाहरी हिस्से तक जाने की सुविधा मिलती है। इस हिस्से में तिपहिया व चार पहिया वाहनों की आवाजाही के चलते यातायात व्यवस्था पटरी से उतरी हुई नजर आती है। स्थानीय निवासी रईस अहमद ने बताया कि हर समय जाम लगने की समस्या के कारण पूरे इलाके में ध्वनि व वायु प्रदूषण भी बड़ी मात्रा में फैल जाता है। स्थानीय दुकानदार चंद्रशेखर थानवी ने बताया कि बरसात के समय यह रास्ता और जोखिमपूर्ण हो जाता है। एक तरफ किले की प्राचीर का काम चल रहा है और दूसरी तरफ यातायात व्यवस्था में व्यवधान से लोगों को असुविधा होती है और उनके बीच टकराव होने की आशंका बनी रहती है। इस मार्ग के निवासियों व दुकानदारों आदि की मांग है कि यातायात पुलिस को सख्ती दिखाते हुए समय रहते वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित कर जाम के हालात बनने से रोकने में भूमिका निभानी चाहिए।

सडक़ के दोनों ओर वाहनों का जमघट

शिव मार्ग को विगत वर्षों के दौरान चौड़ा करवाया गया था, जिससे उम्मीद थी कि आमजन को यातायात की सुविधा मिलेगी लेकिन ऐसा हो नहीं सका है। सडक़ के दोनों तरफ दर्जनों की तादाद में चार पहिया व दुपहिया वाहन मनमाने ढंग से खड़े कर दिए जाने से यह रास्ता लगभग पहले जितना ही खुला रह जाता है। इससे दिन में किसी भी समय जाम लगने की समस्या आम बनी हुई है। वाहनों को सीमित दायरे में खड़ा रखने के लिए लाइङ्क्षनग भी की हुई है, लेकिन इसका कोई असर नजर नहीं आता।

व्यवस्था बनाए रखने की पूरी कोशिश

यातायात पुलिस की तरफ से इस क्षेत्र में व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। किले की दीवार का कुछ जगहों पर काम होने के चलते परेशानी आती है। फिर भी हमारा प्रयास है कि आमजन को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

  • निश्चल केवलिया, प्रभारी यातायात शाखा
Story Loader