जैसलमेर. जैसलमेर बार एसोसिएशन ने वकीलों के लिए राज्य सरकार से एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट विधानसभा के वर्तमान में जारी सत्र में पारित करने की मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल थे। बाद में एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिसमें पुरजोर ढंग से वकीलों की सुरक्षा का मसला उठाया गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुल्तानाराम बारूपाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया कि राजस्थान में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट पारित करवाने के लिए लम्बी अवधि से राजस्थान के सभी बार संघों की ओर से मांग की जा रही है। इस मांग के समर्थन में राजस्थान के समस्त एडवोकेट संघों की ओर से 15 दिन से न्यायिक कार्य बहिष्कार और प्रदर्शन जारी है। जैसलमेर बार एसोसिएशन भी इस संबंध में राजस्थान के सभी संघों के निर्णय अनुसार एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट विधानसभा के इसी सत्र में पारित किए जाने की एक सूत्रीय मांग करती है।