
जीएसटी फ्रॉड: व्यापारी सांचौर का, करोड़ों का टर्न ओवर तमिलनाडू में
गजेंद्र सिंह दहियाजालोर. जिले के सांचौर कस्बे में कपड़े के व्यापारी भूराराम ने जब अपने चार्टर्ड एकाउंटेंट के माध्यम से इनकम टैक्स रिटर्न भरा तो अपने नाम से एक फर्म देखकर चौंक गए। उनके सीए ने बताया कि आपके पैन कार्ड के नाम पर एक जीएसटी नम्बर तमिलनाडू के कृष्णागिरी जिले के चैन्नापल्लली गांव में महावीर एंटरप्राइजेज के नाम से लिया हुआ है, जिसने वर्ष 2021-22 में करीब 15 करोड़ का टर्न ओवर किया है। यह जानकर भूराराम के पैरों तले जमीन सरक गई क्याेंकि यह टर्न ओवर अब उनके खाते में बोल रहा है और उसका टैक्स भी भूराराम को भरना पड़ेगा। पता चला कि तमिलनाडू में उसके नाम से वर्ष 2019 से व्यापार हो रहा है। जीएसटी नम्बर अथवा टर्न ओवर ऑनलाइन करने पर पता अब चला है।
भूराराम ने दो दिन पहले सांचौर पुलिस थाने में इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। सांचौर में अब तक ऐसे 4 मामले सामने आए हैं। जिसमें अपराधी तमिलनाडू, कनार्टक और अहमदाबाद जैसे शहरों से हैं।
पैन कार्ड चुराकर ले रहे जीएसटी नम्बर
दरअसल शातिर अपराधी किसी व्यक्ति का पैनकार्ड चुरा लेते हैं और फिर उस पर जीएसटी विभाग से जीएसटी नम्बर हासिल करते हैं। अपना पूरा व्यापार किसी अन्य के खाते से दिखाते हैं जिससे वे टैक्स चोरी करते हैं। अगर वे गलत व्यापार कर रहे हैं तब भी कागजों में पैन कार्ड धारक के खाते में व्यापार बोलता है। यह एक तरह से जीएसटी फ्रॉड है।
जान पहचान के हो सकते हैं अपराधी
भूराराम को पता चला कि तमिलनाडू में उनके पैन कार्ड से जीएसटी नम्बर हासिल करके व्यापार करने वाले ग्रेनाइट का व्यापारी है। जालोर ग्रेनाइट का हब है। ऐसे में अपराधी भूराराम के जान पहचान का हो सकता है अथवा उन्होंने कभी भरोसे में आकर किसी विश्वासपात्र को अपना पैनकार्ड दिया था, जिसका गलत उपयोग हो गया।
टैक्स कंसल्टेंट अथवा सीए के रहे सम्पर्क में
पैन कार्ड से साइबर फ्रॉड के साथ अब जीएसटी फ्रॉड के मामले में सामने आने लगे हैं। ऐसे में टैक्स कंसल्टेंट अथवा सीए के सम्पर्क में रहे ताकि अपने पैन कार्ड के दुरुपयोग को लेकर सतर्क रह सके।
------------------
सांचौर में ऐसे 3-4 मामले सामने आए हैं। ताजा मामले में पुलिस की एक टीम तमिलनाडू भेजकर कार्रवाई करेंगे। यह एक तरह से जीएसटी चोरी है।
- निरंजन प्रताप सिंह, थानाधिकारी, सांचौर पुलिस थाना
इनकम टैक्स रिटर्न भरते समय सीए ने बताया तो मेरे पांवों तले जमीन सरक गई। मैं कभी तमिलनाडू गया भी नहीं और न ही मेरा वहां कोई रिश्तेदार है।
-भूराराम, पीडि़त
Published on:
12 Jan 2023 09:26 am
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
