जालोर

ट्रक ने तोड़ा बिजली पोल, 8 घंटे तक आधे शहर में गुल रही बिजली

- अल सुबह साढ़े चार बजे हुआ था हादसा

2 min read
Dec 02, 2022
ट्रक ने तोड़ा बिजली पोल, 8 घंटे तक आधे शहर में गुल रही बिजली

जालोर. शहर में ग्रेनाइट ब्लॉक्स से लदे ओवरलोड वाहन बार-बार हादसों को निमंत्रण दे रहे हैं, लेकिन इस बारे में प्रशासन कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है। शहर के बाइपास रोड पर तो कभी रीको क्षेत्र में बार-बार ग्रेनाइट के बड़े-बड़े ब्लॉक्स वाहनों से गिरते रहते हैं। इसके बावजूद इस गंभीर मसले को लेकर कोई भी अधिकारी सख्ती नहीं बरत रहा है। गुरुवार अल सुबह करीब साढ़े चार बजे शहर के बागोड़ा रोड पर एक पेट्रोल पंप के सामने कुछ ऐसा ही हादसा हुआ। गनीमत यह रही कि हादसे के दौरान आस पास कोई नहीं था। नहीं तो जनहानि भी हो सकती थी। दरअसल, शहर के बागोड़ा रोड पर एक पेट्रोल पंप के सामने ग्रेनाइट ब्लॉक से लदा ओवरलोड ट्रक गुजर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक पर ग्रेनाइट ब्लॉक बॉडी से काफी बाहर निकला हुआ था। ऐसे में ट्रक के गुजरते समय सड़क किनारे लगा बिजली का पोल वाहन से बाहर निकले हुए ब्लॉक की चपेट में आ गया। जिससे ना केवल पोल ९० डिग्री की एंगल में झुक गया, बल्कि उस पर लगे तारों के खिंचाव के कारण आस पास के पोल भी मुड़ गए। ऐसे में रातों रात शहर के आधे इलाके की बिजली गुल हो गई। सुबह तक किसी को इसकी जानकारी नहीं थी कि बिजली गुल होने का कारण क्या है।

8 घंटे बाद आई बिजली
ग्रेनाइट के ओवरलोड ब्लॉक से भरे ट्रक के कारण जहां हादसा हुआ, वहां और आस पास की कॉलोनियों में गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे तक भी बिजली गुल थी। वहीं यहां से आगे की तरफ रीको द्वितीय चरण व नया बस स्टैंड सहित अन्य जगहों पर जाने वाली लाइन में भी इस वजह से बिजली बंद रही। आगे की तरफ दोपहर करीब बारह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो पाई थी।

बार-बार हो रहे हादसे
गौरतलब है कि यातायात नियम के अनुसार भारी वाहनों में क्षमता से अधिक माल का वहन नहीं किया जा सकता। वहीं ग्रेनाइट ब्लॉक या खुले तौर पर वाहन पर सामान का लदान करने पर सेफ्टी बैल्ट भी लगाना जरूरी है, लेकिन ऐसा बहुत कम ही देखने को मिलता है। शहर से गुजरने वाले ऐसे वाहनों में भी इन नियमों की अनदेखी की जा रही है। इसके बावजूद कोई भी अधिकारी सख्ती नहीं बरत रहा है।

Published on:
02 Dec 2022 09:25 am
Also Read
View All

अगली खबर