दुलदुला. भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आराधना का महापर्व, पवित्र महाशिवरात्रि पर जशपुर जिले में जशपुर से कुनकुरी नेशनल हाइवे ४३ सडक़ के लोरो घाटी में स्थित छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन एवं आध्यात्मिक केन्द्र, नवनिर्मित भव्य शिव मंदिर लोरोधाम विकास खण्ड दुलदुला में शुक्रवार को शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों लोगों ने भगवान भोलेनाथ शिवशंकर से खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य के लिए आर्शीवाद प्राप्त किया। शिवभक्तों का कहना है कि, लोरो धाम में पहुंच कर भक्तों को आत्मसंतुष्टि और अलौकिक आनंद की अनुभूति होती है। लोरो धाम में आज दिन भर कीर्तन भजन और, ऊं नम: शिवाय महामंत्र की धूम रही साथ ही मंदिर समिति के द्वारा विशाल भण्डारे का भी आयोजन किया गया था।