जशपुरनगर. कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा स्टेट हाईवे में नाली निर्माण में आ रही बाधा को दूर करने के लिए, मंगलवार को जिला प्रशासन के अधिकारी तपकरा मेन रोड पर बुलडोजर लेकर सडक़ पर उतरे। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में सडक़ किनारे से अतिक्रमणकारियों के मकान और दुकानों को तोड़ कर, अधिकारियों ने नाली निर्माण का रास्ता साफ किया। इस दौरान हंगामा की आशंका को देखते हुए, भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। उल्लेखनिय है कि कुनकुरी से होकर तपकरा और तपकरा से लेकर लवाकेरा स्टेट हाईवे का चौड़ीकरण और नवीनीकरण का काम लंबे समय से चल रहा है। सडक़ निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर हुए विवाद के बाद इस सडक़ का निर्माण अधर में लटक गया था। काफी समय तक उपापोह की स्थिति बनी रही थी। इस विवाद को सुलझाने के बाद, नए सिरे से सडक़ का निर्माण काम शुरू किया गया है। लगभग 50 किलोमीटर लंबे इस स्टेट हाईवे का निर्माण कार्य अंतिम चरण की ओर है। लेकिन तपकरा बस्ती में नाली निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो पा रहा था।