जशपुरनगर. जशपुर जिले में जलस्तर की रेड जोन की स्थिति, एवं जिले में गहराते जल संकट को देखते हुए नेशनल इनोवेशन फोरम ने नदियों के सरंक्षण की दिशा में अभियान तेज कर दिया है, जिससे समय रहते नदियों के उद्गम स्थलों को संरक्षण मिले एवं नदियों का जलस्तर गर्मियों में भी संतुलित बना रहे। लोगों में काई जागरुकता से कन्हर नदी के सरंक्षण को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 2019 से लेकर अब तक कन्हर नदी के उद्गम स्थल के सरंक्षण को लेकर अब तक कई बार चरणबद्ध अभियान चलाया गया है एवं उद्गम स्थल की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। जानकार लोगों ने बताया कि नदियों के उद्गम स्थलों को बचाने का कार्य चरणबद्ध रूप से चलेगा, सरंक्षण के लिए पैरामीटर्स एवं कार्ययोजना तैयार की जाएगी, स्थल की सुरक्षा के लिए पौधरोपण भी किया जाएगा। स्थानीय ग्रामीणों को नदी के उद्गम स्थल एवं सुरक्षा के लिए जागरूक किया जाएगा। जानकारी के अनुसार लगातार नदियों के उद्गम स्थलों के अतिदोहन एवं अतिक्रमण के कारण इन नदियों के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है। कुछ समय पूर्व सूख चुके हैं एवं कई सूखने के कगार पर हैं, यदि यही हाल रहा तो आने वाले कुछ ही दिनों में इन नदियों का अस्तित्व भी मिट जाएगा। जल के अतिदोहन को रोककर, वर्षा जल को संचित कर जल का समुचित सरंक्षण एवं संवर्धन किया जा सकता है। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट की रिपोर्ट के अनुसार यदि हम औसत वर्षा की आधी मात्रा को भी प्रत्येक गांव की 1-12 हेक्टेयर भूमि में एकत्र कर लिया जाए तो जिले में कहीं भी पीने के पानी की समस्या नहीं रहेगी।