Jaunpur News : उत्तर प्रदेश टास्क फोर्स ने जिले के सुजानगंज थानक्षेत्र से हत्यारोपी 25 हजार के इनामिया बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
Jaunpur News: अवैध प्रेम संबंधों में 18 मई को सुजानगंज के आजो अजिया गांव में युवक की हत्या की गयी थी। इस बात का खुलासा पुलिस ने विवेचना के बाद किया था जबकि उमृतक के पिता ने आम तोड़ने के विवाद को हत्या का कारण बताया था। इस मामले में फरार चल रहे हत्यारोपी विशाल गौतम को यूपीएसटीएफ ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को सुजानगंज तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए हत्यारोपी पर जौनपुर पुलिस द्वारा 25 हजार का इनाम भी घोषित है। फिलहाल सुजानगंज थाने से इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए सक्रिय है जौनपुर पुलिस और एसटीएफ
इस सम्बन्ध में सीओ एसटीएफ ने बताया कि जनपद जौनपुर में कई दिनों से इनामिया और फरार घोषित अपराधियों के सक्रिय होने की सूचना लगातार मिल रही थी। इस क्रम में निरीक्षक अनिल कुमार सिंह, एसटीएफ फील्ड इकाई, वाराणसी को अपराधियों की रोकथाम और धर-पकड़ के लिए लगाया गया था। इसी क्रम में सूचना मिली की सुजानगंज थाने में दर्ज हत्या के मुकदमें में वांछित हत्यारोपी कहीं भागने की फिराक में सुजानगंज तिराहे पर मौजूद है।
छापेमारी कर STF ने किया गिरफ्तार
इस सूचना पर एसटीएफ की फील्ड इकाई ने सुजानगंज तिराहे पर छापेमारी करते हुए क्राइम नंबर 100/2023 धारा 302/504/506 आईपीसी और एससी/एसटी एक्ट के फरार घोषित 25 हजार के इनामिया अपराधी विशाल गौतम निवासी आजो अजिया, थाना सुजानगंज, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि नाजायज प्रेम प्रसंग के कारण वह अपने परिवार के 04 सदस्यों के साथ मिलकर मृतक सूरज उर्फ दिवाकर पुत्र बृजलाल गौतम निवासी आजो अजिया थाना सुजानगंज जनपद जौनपुर की हत्या कर शव को फेक दिया था।