देश के विकास में कंधे से कंधा मिलाकर योगदान दे रही आधी आबादी आज शहर के बाजारों में शर्मसार हो रही है। शहर के मुख्य बाजार में कई बड़े व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स व शॉपिंग मॉल बन गए लेकिन खरीदारी के लिए आने वाली महिलाओं के लिए टॉयलेट तक की सुविधा नहीं है।
प्रतिदिन सैंकड़ों की संख्या में महिलाएं बाजार आती हैं। इनमें ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्र से आती हैं। जरूरत पडऩे पर उनके लिए कहीं भी सार्वजनिक टॉयलेट नहीं है। संकोच के चलते इस संबंध में वो किसी से पूछ भी नहीं पाती। महिलाओं को इमरजेंसी में आस-पड़ोस के मकान या गलियों का सहारा लेना पड़ता है।
इस संबंध में हाईकोर्ट ने भी राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित खबरों पर प्रसंज्ञान लेते हुए प्रदेश के सभी नगर पालिकाओं, नगर परिषद को सार्वजनिक स्थानों पर फीमेल टॉयलेट्स बनाने के लिए कार्य योजना करने के निर्देश दिए हैं। हाईकोर्ट के निर्देशों की पालना भवानीमडी शहर में भी होनी चाहिए, ताकि महिलाओं को पीड़ा नहीं झेलनी पड़े।
सुविधा विहीन है बाजार
नगर पालिका के शहर के मुख्य बाजार सहित कई सार्वजनिक स्थानों पर शौचालय एवं पेयजल की सुविधा नदारद है। जिससे यहां अपने जीवकोपार्जन के लिए व्यवसाय कर रही महिलाओं सहित यहां आने वाली महिलाओं को भी शर्मिंदगी व परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे खास बात तो यह है कि नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कभी इस समस्या का हल नहीं निकाला। हालत यह है कि शहर के बाजार में बाथरूम के अभाव में सबसे ज्यादा शर्मसार महिलाओं को होना पड़ता है। देखा जाए तो मुख्य बाजार, नगर पालिका कार्यालय से लेकर रेलवे स्टेशन, बालाजी मार्ग, नेहरू पार्क, नई सब्जी मंडी मार्ग, शिवालय मार्ग के मुख्य बाजार है। इन इलाकों में कहीं कोई महिला प्रसाधन के लिए जाना चाहे तो उन्हें सडक़ किनारे या फिर किसी गली को ढूंढना पड़ता है।
पालिका ने बने हुए भी तुड़वा दिए
नगरपालिका द्वारा नगर में करीब आधा दर्जन से अधिक शौचालयों को तोड़ दिया गया है। ये ऐसे स्थान पर बनाए जहां इनका टूटना तय था। वार्ड नंबर 38 के पार्षद अमित पाटनी ने बताया कि पालिका द्वारा नेहरू पार्क के पास स्थित शौचालय को तोड़ दिया गया है। उसके स्थान पर दुबारा नहीं बनाया गया है। मेरे द्वारा कई बार इसको पुन: दुबारा बनाने की मांग की गई है। इस पर पालिकाध्यक्ष कैलाश बोहरा व ईओ मनीष मीणा ने दो साल बाद भी ध्यान नहीं दिया। जहां-जहां भी पुराने टॉयलेट को तोड़ा गया है, वहां नगरपालिका आधुनिक टॉयलेट बनाएगी। इससे महिलाओं से समेत सभी को सुविधाएं मिल सकेगी। मनीष मीणा, ईओ नगरपालिका भवानीमंडी