खानपुर (झालावाड़). पुलिस थाना तोड़देव मुंबई में डकैती व वृद्ध महिला की हत्या का मास्टरमाइंड आरोपी खानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से लूटे गए करीब सवा करोड़ रुपए के जेवर भी बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि पुलिस थाना ताड़देव मुंबई महाराष्ट्र से 12 अगस्त को डकैती व हत्या के आरोपी मौके से फरार हुए थे। इसमें से एक आरोपी सुरेंद्र सिंह उर्फ संजू पुत्र रणजीत सिंह निवासी झालावाड़ भी शामिल था। उसके खानपुर थाना इलाके में छुपा होने की संभावना पर पुलिस उपअधीक्षक चिरंजी लाल मीणा के निर्देशन में डीवाईएसपी तरुणकांत सोमानी के सुपरविजन में थानाधिकारी रामकिशन गोदारा के नेतृत्व में स्पेशल टीम का गठन कर नाकाबंदी की गई। इस दौरान आरोपी कार से आया। पुलिस ने जब कार रोकी तो वह उतरकर पास के ही जंगल की तरफ भागा। पुलिस टीम पीछा कर सुरेंद्र को दबोच लिया। उसके पास एक बैग मिला जिसमें 1 किलो 818 ग्राम सोने के जेवरात मिले। जिनकी कीमत सवा करोड रुपए है। गहनता से पूछताछ करने पर अपने साथी राजू उर्फ राजाराम मेघवाल निवासी जरेल थाना सदर झालावाड़, सुमित निवासी दिल्ली, समीर राजू निवासी मुंबई, बहादुर सिंह निवासी झालावाड़ के साथ मिलकर तोड़देव मुंबई महाराष्ट्र डकैती व हत्या कर जेवर लूटना कबूल किया।
चार माह तक वृद्ध दंपती की रैकी की
सुरेंद्र सिंह की करीब साल पहले करीबी दोस्त मयूर निवासी बारां के जरिए बारां सुमित बारां से जान पहचान हुई। सुमित दिल्ली में काम करता था जिसके ऊपर कर्जा हो जाने से अपने करीबी रिश्तेदार मौसी की लड़की के ससुर के पास मुंबई चला गया। वृद्ध सास-ससुर की मुंबई में मुंबादेवी ज्वैलरी मार्केट में शॉप है। सुमित ने यहां 9 माह तक काम किया। इस दौरान वृद्ध दंपती की सारी जानकारी प्राप्त की फिर डकैती की साजिश रची। इसके लिए सुरेंद्र सिंह को मोबाइल से पूरी जानकारी दी। इसके बाद सुरेंद्र सिंह, उसके दो करीब दोस्त राजू उर्फ राजाराम, सुरेंद्र का ***** विजय बहादुर सिंह पहुंचे पहुंचे और 4 माह तक वृद्ध दंपती की रेकी की।
बंधक बनाया, महिला की हत्या की
12 अगस्त सुबह 6 बजे वृद्ध दंपती घूमने निकले तो प्लान के अनुसार फ्लैट के पास सुरेंद्र सिंह, राजाराम, विजय बहादुर नकाब पहनकर खड़े थे। दंपती के फ्लैट के मेन गेट से निकलते ही समीर सहित चारों ने वृद्ध दंपती के मुंह पर मास्क लगाकर सेलो टेप लगाकर बंधक बनाकर फ्लैट में कमरे में पटक दिया। चारों ने मिलकर महिला की हत्या कर कमरे से सोने के जेवर लेकर फरार हो गए। इससे पहले चारों ने अपने मोबाइल नष्ट कर दिए। इसके बाद सुरेंद्र सिंह, राजा राम, विजय बहादुर सिंह तीनों पुणे से रतलाम और फिर भवानीमंडी पहुंचे। इसके बाद 14 अगस्त को झालावाड़ पहुंचे। 15 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर सुरेंद्र सिंह को दबोच लिया। बाकी आरोपियों को भी पुलिस पूछताछ के आधार पर तलाश कर रही है।