1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रंग-गुलाल और मिठाई की दुकानें सजी, महापर्व का उत्साह चरम पर

- बाजार में रही रौनक

2 min read
Google source verification

झालावाड़.रंगों के महापर्व होली को लेकर शहर में उत्साह चरम पर है। सोमवार को शहर में धूमधाम से होलिका दहन होगा। शहर में इस बार चार दर्जन से अधिक स्थानों पर होलिका दहन होगा। शहर के कुछ मंदिरों और मोहल्लों में एक माह पूर्व माघ पूर्णिमा पर होलिका रोपण कर दिया था। वहीं अधिकतर स्थानों पर होली के दिन सोमवार को ही विधि-विधान के साथ होली रोपण किया जाएगा। होली पर्व पर बाजार में होली की दुकाने सज गई है। बच्चे और युवा वर्ग खास तौर पर डिजाइनर और कार्टून कैरेक्टर वाली पिचकारियों के साथ-साथ रंग भरकर फेंकने वाले गुब्बारों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में उत्सव जैसा माहौल है और हर ओर होली के रंग नजर आ रहे हैं।

ये रहेगा होलिका दहन-

पंडित रामेश्वर शर्मा भिलवाड़ी वाले ने बताया कि होलिका दहन सोमवार शाम को 7.30 से रात 9 बजे तक उसके बाद रात 12 बजकर 2 मिनट से 2.20 मिनट तक होगा वहीं मंगलवार को सुबह 4.20 से सुतक लग जाएगा। शाम 3.20 से ग्रहण शुरू होगा जो 7.15 बजे तक रहेगा। भारत में इसका असर बहुत कम होगा। इस बार ग्रहण के चलते धुलंडी पर्व बुधवार को मनाया जाएगा।

होली के पकवानों की बढ़ी खरीदारी-

होली पर बनने वाले पारंपरिक पकवानों की तैयारी के चलते किराना दुकानों पर सूजी, मैदा, देशी घी, रिफाइंड तेल, ड्राई फ्रूट और मसालों की बिक्री में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी जा रही है। महिलाएं घर पर गुझिया, मालपुआ और अन्य मिठाइयां बनाने के लिए सामग्री जुटाने में लगी हुई हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार लोग अधिक मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं ताकि त्योहार के दिन किसी तरह की कमी न रहे। देर शाम तक दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ बनी रहती है।

कपड़ों और रेडीमेड शॉप्स पर ग्राहकों की भीड़-

होली पर नया पहनावा पहनने की परंपरा को निभाते हुए कपड़ों की दुकानों और रेडीमेड शोरूम में भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। शहर के बड़े बाजार, मंगलपुरा आदि इलाकों में स्थित शोरूम देर रात तक खुले रह रहे हैं। पुरुष, महिलाएं और बच्चे सभी अपने-अपने पसंदीदा ट्रेंड के अनुसार कपड़ों का चयन कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि इस बार लोग फैशन ट्रेंड के साथ-साथ आरामदायक कपड़ों को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।

बच्चों और युवाओं में खास उत्साह-

होली को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुखौटे, वाटर गन और रंग-बिरंगे गुब्बारे इस बार खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। युवा वर्ग अपने दोस्तों के साथ मिलकर समूह में खरीदारी कर रहा है, वहीं बच्चे नई-नई डिज़ाइन वाली पिचकारियां देखकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

मंदिरों और मोहल्लों में पारंपरिक पूजा-

शहर के प्रमुख मंदिरों सहित विभिन्न गली-मोहल्लों में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन किया जाएगा। परिवारजन शाम को शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर परिक्रमा करेंगे और सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। अग्निशमन दल भी सतर्क रहेगा। बाजारों में बच्चों की चहक और युवाओं की मस्ती से त्योहार की रौनक और बढ़ गई है।

व्यापारियों के चेहरे पर लौटती मुस्कान-

त्योहारी खरीदारी के चलते व्यापारियों के चेहरों पर भी खुशी साफ झलक रही है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार ग्राहक नए ट्रेंड को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं और क्वालिटी को लेकर भी सजग हैं। कपड़ों से लेकर खाद्य सामग्री तक, हर चीज में पसंद और गुणवत्ता को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे व्यापारियों को उम्मीद है कि इस बार होली का त्योहार उनके लिए अच्छा कारोबार लेकर आएगा।