
उप पंजीयक कार्यालय में दो भाई भिड़े, पथराव व तोडफ़ोड़
जोधपुर.
जिले के लूनी कस्बे के उप पंजीयक कार्यालय में जमीन की रजिस्ट्री करवाने के दौरान गुरुवार शाम दो भाई आपस में भिड़ गए और एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। कार्यालय का मुख्य गेट व कांच तोड़ कर अफरा-तफरी सी मचा दी। एक युवक के चोट आई। लूनी थाना पुलिस ने दो एफआइआर दर्ज कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी सीताराम पंवार ने बताया कि खेजड़ली गांव निवासी हरसुखराम व भाई अचलाराम बिश्नोई में लम्बे समय से विवाद चल रहा है। जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए दोनों भाई अपने-अपने पुत्रों के साथ शाम साढ़े चार बजे लूनी में उप पंजीयक कार्यालय आए, जहां रजिस्ट्री कराने के दौरान दोनों पक्षों में फिर विवाद हो गया।
दोनों पक्षों के पुत्रों व अन्य परिजन बीच में आ गए। मामला बढऩे पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे से मारपीट पर उतारू हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। जिससे उप पंजीयक कार्यालय के मुख्य गेट व कांच टूट गए। अचलाराम का पुत्र सुनील चोटिल हो गया। जिसका कस्बे के सरकारी अस्पताल में उपचार कराया गया।
पास ही थाने से पुलिस घटनास्थल पहुंची, लेकिन तब तक एक पक्ष के लोग भाग गए। जबकि हरसुखराम को पकड़कर थाने लाया गया। पुलिस ने अचलाराम की तरफ से मारपीट व पथराव और तहसीलदार की तरफ से पथराव कर सरकारी सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने का मामला दर्ज किया।
अधिकारी-कर्मचारियों ने कमरों में छुपकर जान बचाई
दोनों भाइयों के परिवार के गुत्थम-गुत्था होते ही एकबारग कार्यालय में अफरा-तफरी सी मच गई। एक पक्ष के लोगों ने कार्यालय में घुसकर बचने का प्रयास किया तो दूसरे पक्ष ने लातों मुक्कों से कांच व दरवाजा तोड़ दिया। कार्यालय में पत्थर भी फेंके। अधिकारी व कर्मचारियों ने कमरों में छुपकर जान बचाई।
Published on:
26 Mar 2021 01:27 am
