
ट्रैफिक नियम तोड़ने पर 2 करोड़ 9 लाख जुर्माना वसूला
जोधपुर।
सड़क हादसों में जान गंवाने वालों के पीछे सबसे बड़ी वजह शराब पीकर वाहन चलाना और सिर में गंभीर चोट मानी जाती है। यही वजह है कि पुलिस मुख्यालय ने गत दिनों दुपहिया वाहन पर बिना हेलमेट व शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर चालान बनाए थे। ताकि सड़क हादसों में हताहतों की संख्या में कमी लाई जा सके। पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर की यातायात पुलिस ने चालू वर्ष में अब तक 89564 चालान बनाए हैं और इनसे 2 करोड़ 9 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया है।
10 प्रतिशत चालकों से एक दिन में 6 लाख जुर्माना
पुलिस ने बिना हेलमेट दुपहिया वाहन सवारों के खिलाफ गत शनिवार को राज्यभर में अभियान चलाया था। पुलिस कमिश्नरेट में 3086 चालान बनाए गए थे। यातायात पुलिस ने 1187 चालान बनाकर 6.67 लाख रुपए जुर्माना वसूला था। जबकि पुलिस का आंकलन है कि 90 प्रतिशत जोधपुर शहरवासी दुपहिया वाहन पर हेलमेट पहनते हैं।
अब जुर्माना दस गुना बढ़कर एक हजार रुपए
एमवी एक्ट के प्रावधानों के तहत हेलमेट न पहनने पर पहले तक सिर्फ सौ रुपए जुर्माना राशि का प्रावधान था। कुछ समय पहले जुर्माना राशि दस गुना बढ़ा दी गई थी। अब बिना हेलमेट चालान बनने पर एक हजार रुपए जुर्माना वसूला जा रहा है।
दो लाख चालान से 5.50 करोड़ रुपए जुर्माना
यातायात पुलिस ने वर्ष 2022 में एमवी एक्ट के नियमों की पालना न करने वालों के खिलाफ 2 लाख चालान बनाए थे। इनसे 5.50 करोड़ रुपए जुर्माना वसूला गया था।
------------------------------------------
'दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट की अनिवार्यता को काफी साल हो चुके हैं। शहर में 90 प्रतिशत दुपहिया वाहन सवार हेलमेट पहन रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की जरूरत है। हेलमेट न पहनने के 89564 चालान बनाए गए हैं और 2 करोड़ 9 लाख रुपए जुर्माना वसूला गया है।'
चैनसिंह महेचा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात जोधपुर।
Updated on:
18 May 2023 11:52 pm
Published on:
18 May 2023 11:52 pm
