
पंप से 20 हजार का डीजल भराकर भगाई कार
जोधपुर/लूनी. लूनी में शिकारपुरा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बिना नम्बर की कार में रखे जैरीकेन में बीस हजार रुपए का डीजल भरवाकर युवक भाग गए। पिछले दो दिन में पेट्रोल पंप पर लूट की यह चौथी वारदात है, लेकिन कार व बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस के अनुसार लूनी कस्बे में राजाराम फिलिंग सेवा केन्द्र नामक पेट्रोल पंप पर मंगलवार देर रात १२ बजे बिना नंबर की कार में तीन व्यक्ति आए। कार से एक युवक नीचे उतरा और पंप मालिक से श्रवण पटेल से कार में रखे जैरीकेन में डीजल भरवाया। तीन-चार जैरीकेन में १९७०० रुपए का डीजल भरा गया। मालिक ने रुपए मांगे तो कार चालक ने बिल देने का आग्रह किया। पंप मालिक बिल बनाने के लिए कार्यालय की तरफ जाने लगा। इतने में चालक ने कार स्टार्ट की और तेज रफ्तार में भगा ले गया। पंप मालिक ने पुलिस को सूचना दी। गश्त कर रहे अधिकारी घटनास्थल पहुंचे और कार की तलाश में नाकाबंदी करवाई, लेकिन कार व युवकों का सुराग नहीं लग पाया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।
चारों वारदात में एक ही गैंग का हाथ
सोमवार रात ११ बजे बिना नम्बर की कार में सवार दो-तीन युवक झंवर थानान्तर्गत डोली गांव के पेट्रोल पंप पर तीन चार जैरीकेन में १९ हजार रुपए का डीजल भराकर भाग गए थे। इसके बाद धवा गांव स्थित पेट्रोल पंप से १९ हजार रुपए और भाण्डू कला गांव के एक अन्य पेट्रोल पंप से ११ हजार रुपए का डीजल भरवाकर बदमाश कार लेकर भाग गए थे। अब लूनी में एक और वारदात हो गई। चारों मामलों में बिना नम्बर की कार थी और जैरीकेन में डीजल भराया था। बिल बनाने का झांसा देकर सभी भाग गए थे।
Published on:
07 Jan 2021 07:12 pm
