
संत की प्रेरणा से बनी 3 किमी कच्ची सड़क
जोधपुर. जोधपुर जिले के ओसियां उपखंड क्षेत्र के ग्राम खिन्दाकौर से ग्राम हणियां तक करीब 3 किलोमीटर सड़क मार्ग की मांग को लेकर लंबे अर्से से परेशान ग्राम वासियों को आखिरकार गुरुवार को राहत मिल गई। अखिल भारतीय सैन भक्ति पीठ के पीठाचार्य सेनाचार्य स्वामी अचलानंद गिरि की प्रेरणा से सड़क मार्ग निर्माण के लिए क्षेत्र के ग्रामवासियो ने अपनी अपनी जमीनें सहमति से प्रदान की। ग्रामवासियों के समन्वित प्रयास से कच्ची मूढ़ से बनी सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गुरुवार को उसका सादगी से विधिवत उद्घाटन भी सेनाचार्य अचलानंद गिरि के सानिध्य में किया गया। सेनाचार्य ने सड़क उद्घाटन के बाद जमीन देने वाले दानदाताओं का साधुवाद ज्ञापित किया। सरकार की गाइडलाइन की पालना करते हुए कार्यक्रम में जवंताराम मेघवाल, गुमानाराम, खेमाराम,सोनाराम, गिरधारी, कानाराम पंवार, भारमल, अनिल पंवार, बाबूलाल, गोपाल, नेनाराम, फेनाराम, मोहनराम आदि ग्रामवासी भी मौजूद रहे। उदघाटन कार्यक्रम के दौरान सड़क के लिए अपनी जमीन देने वाले भामाशाहों का अभिनंदन भी किया गया।
Published on:
30 Jul 2020 11:33 pm
