
सितंबर में 5 बड़े ग्रहों का होगा राशि परिवर्तन
जोधपुर. ज्योतिष के नजरिए से सितम्बर माह बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस माह में 5 ग्रह अपनी राशि बदलेंगे। इन ग्रहों में बुध, गुरु सूर्य, मंगल और शुक्र ग्रह शामिल हैं। इसके साथ ही शनि अपनी मकर राशि में, राहु वृषभ राशि में और केतु वृश्चिक राशि में गोचर करते हुए सभी राशियों को प्रभावित करेंगे। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक ग्रह निरंतर अपनी राशि में परिवर्तन करते हैं। एक विशेष अवधि और चाल के अनुसार ये ग्रह एक राशि से दूसरी राशि में जाते हैं। इन ग्रहों की हलचल से ही सभी राशियां प्रभावित होती हैं।
ज्योतिषियों के अनुसार 6 सितंबर को दो ग्रह अपनी राशियां बदलेंगे। इनमें शुक्र और मंगल ग्रह शामिल हैं। जहां शुक्र अपनी स्वराशि तुला में प्रवेश करेगा, तो वहीं मंगल कन्या राशि में गोचर करेगा। इसके बाद 14 सितंबर को गुरु का गोचर होगा, जो कि एक महत्वपूर्ण ग्रह परिवर्तन है। देवगुरु बृहस्पति इस दिन मकर राशि में आएंगे। उसके बाद 17 सितंबर को सूर्य देव कन्या राशि में प्रवेश करेंगे और अंत में बुध देव 22 सितंबर को तुला राशि में जाकर शुक्र ग्रह के साथ युति करेंगे। इसके बाद 27 सितंबर से बुध इसी राशि में वक्री चाल चलेंगे। इन ग्रहों का परिवर्तन निश्चित ही सभी राशियों पर शुभ-अशुभ प्रभाव डालेगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार ग्रहों की चाल का असर व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है।
शुक्र का तुला राशि में गोचर
शुक्र देव 6 सितंबर कन्या राशि से निकलकर स्वराशि तुला में प्रवेश करेंगे। शुक्र इस राशि में 2 अक्टूबर 2021 तक रहेंगे। इसके बाद ये वृश्चिक राशि में चले जाएंगे। शुक्र देव को इस संसार के समस्त भौतिक सुखों का कारक माना जाता है। ये वृष और तुला राशि का स्वामी हैं।
मंगल का कन्या राशि में प्रवेश
मंगल देव 6 सितंबर को सिंह राशि से कन्या राशि में प्रवेश करेंगे और इस राशि में 22 अक्टूबर तक स्थित रहेंगे। इस राशि में मंगल देव के आने से जहां कुछ राशियों को फायदा होगा तो वहीं कुछ राशियों को परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है। ज्योतिष विज्ञान में मंगल ग्रह को क्रोध, युद्ध, पराक्रम, साहस, सैन्य शक्ति, भूमि, रक्त आदि का कारक माना जाता है। देव गुरु बृहस्पति 14 सितंबर को अपनी स्वराशि धनु से शनि देव की राशि मकर में वक्री गति गोचर करेंगे । सूर्य देव सितंबर माह में अपनी स्वराशि सिंह से कन्या राशि में प्रवेश करेंगे और इस राशि में 17 अक्टूबर तक रहेंगे। बुध देव 22 तारीख को कन्या राशि से तुला राशि में गोचर करेंगे।
ग्रहों के गोचर का प्रभाव
शुक्र बुध और सूर्य के राशि परिवर्तन से व्यापार में तेजी आएगी। रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। कीमती धातुओं में तेजी आएगी । शासन-प्रशासन और राजनैतिक दलों में संघर्ष व प्राकृतिक आपदाएं बढऩे का संकेत है।
Published on:
01 Sept 2021 12:15 pm
