
कार में मिला 54 किलो डोडा पोस्त, तीन गिरफ्तार
जोधपुर.
डांगियावास थाना पुलिस ने बांवरला रोड पर गश्त के दौरान एक कार से 53.9 किलो डोडा पोस्त जब्त कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया। एक बाल अपचारी भी संरक्षण में लिया गया है। इनसे मादक पदार्थ बेचने से प्राप्त ७० हजार रुपए भी जब्त किए गए हैं।
थानाधिकारी लीलाराम के अनुसार रात्रि गश्त के दौरान शुक्रवार तडक़े बांवरला रोड पर संदिग्ध नजर आ रही एक कार रोक कर तलाशी ली गई। कार में बोरों में भरा ५३.९३० किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने कार में सवार पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र के विष्णु नगर में हरलाव की ढाणी निवासी श्रवणराम (३०) पुत्र श्रीराम बिश्नोई व डांगियावास थानान्तर्गत अखथली निवासी संजय (२५) पुत्र लूणाराम जाट को गिरफ्तार और एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह डोडा पोस्त कोकुण्डा निवासी छोटाराम जाट से खरीदकर ला रहे थे। पुलिस ने कोकुण्डा में दबिश देकर छोटाराम (२५) पुत्र धर्माराम जाट को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से सत्तर हजार रुपए भी मिले। तीनों आरोपियों को शुक्रवार रात कोर्ट में पेश कर रिमाण्ड पर लिया गया। जबकि बाल अपचारी को बाल सुधार गृह भिजवा दिया गया।
Published on:
15 Feb 2020 12:48 am
