
नगर निगम चुनाव : 7.27 लाख मतदाता दो निगम के लिए चुनेंगे 160 पार्षद, 7 दिन में ढूंढने होंगे नए नेता
अविनाश केवलिया/जोधपुर. पिछले चार माह से बिना बोर्ड के चल रही शहरी सरकार में चुनाव 5 अप्रेल को होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई। शहर में उत्तर व दक्षिण दो नगर निगम बनने के बाद पहली बार चुनाव होने जा रहे हैं। दूसरी ओर जिला निर्वाचन शाखा ने अंतिम मतदाता सूची भी गुरुवार को जारी कर दी। दोनों निगम में कुल 7 लाख 27 हजार 331 मतदाता अपने अधिकार का उपयोग करेंगे।
एक सप्ताह में तलाशने होंगे नेता
19 मार्च से ही दोनों निगम में पार्षद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऐसे में कांग्रेस व भाजपा दोनों के पास एक सप्ताह का ही समय है। अब कम समय में दावेदारों के बीच सही प्रत्याशी चुनने की जिम्मेदारी रहेगी। 160 वार्ड के लिए 320 तो दोनों प्रत्याशियों के औपचारिक प्रत्याशी होंगे। इनमें कई नए चेहरे होंगे। ऐसे में इतनी बड़ी संख्या में नेताओं को तलाशने के लिए यह दिन कम रहेंगे।
निगम उत्तर में मतदाता
- कुल वार्ड - 80
- पुरुष - 198886
- महिला - 188905
- ट्रांसजेंडर - 3
- कुल - 387794
निगम दक्षिण में मतदाता
- कुल वार्ड - 80
- पुरूष मतदाता - 175701
- महिला मतदाता - 163832
- ट्रांसजेंडर - 4
- कुल मतदाता - 339537
487 पद समाप्त किए, 80 बढ़ाए
नगर निगम उत्तर व दक्षिण बनने के बाद मानवीय संसाधनों को वर्तमान निगम के लिहाज से दो भागों में बांटा जाएगा। स्वायत्त शासन विभाग ने भी इसके लिए आदेश जारी कर दिए। वर्तमान 5461 पदों में से 487 पदों को समाप्त कर दिया गया है। साथ ही 80 नए पद स्वीकृत किए गए हैं। ऐसे में अब दोनों निगम में कुल पद 5054 होंगे।
नए पदों का विवरण
- 2534 पद होंगे निगम उत्तर में।
- 2520 पद होंगे निगम दक्षिण में।
- 1-1 अतिरिक्त आयुक्त के पद नए सृजित होंगे।
- 2 उपायुक्त और लगेंगे।
- 1 सचिव की नियुक्ति और होगी।
- 16 नए अभियंता लगेंगे।
- 80 कुल नए पद होंगे।
ये पद हो जाएंगे समाप्त
- भिश्ती के सबसे ज्यादा 92 पद
- नाकेदार के 13 पद
- 9-9 पद वायर मैन व ड्राइवर
- 487 कुल पद समाप्त किए गए
भाजपा ने सौंपी मेघवाल को कमान
नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर ने केन्द्र सरकार में भारी उद्योग एवं संसदीय राज्य मंत्री व बीकानेर सांसद अर्जुन मेघवाल को निगम चुनाव के लिए समन्वयक बनाकर जोधपुर नगर निगम चुनाव की बागडोर सौंपी है। जैतारण के युवा विधायक अविनाश गहलोत को नगर निगम उत्तर का समन्वयक नियुक्त किया गया है। निगम निगम दक्षिण में जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग बागडोर संभालेंगे। नगर निगम उत्तर में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता को संयोजक, नगर निगम दक्षिण में पूर्व महापौर घनश्याम ओझा संयोजक के रूप में कार्य करेंगे।
Published on:
13 Mar 2020 02:23 pm
